ये भी कोई समय है बाहर जाने का ?
बात उस समय की है जब मैं १८ या १९ वर्ष की रही होउँगी। कॉलेज की परिक्षाओं में कुछ ही दिन बचे थे।
परीक्षा की तैयारी के लिए छुट्टियाँ चल रही थीं । मैं रात भर जागकर पढ़ी थी । लगभग ५ बजे अचानक माँ घबराई हुईं मेरे कमरे में आईं और बोलीं कि पिताजी की तबीयत बहुत खराब थी । उन्हें हर्निया की तकलीफ थी और उसी के दर्द से वे छटपटा रहे थे । मैंने झट से जितने भी रुपये मेरे पास थे वे जेब में डाले और माँ पिताजी को बोल रिक्शा लेने भागी । सुबह सुबह के इस समय में बड़ी कठिनाई से एक रिक्शा वाला साथ आने को तैयार हुआ । बड़ी कठिनाई से पिताजी को रिक्शे में बैठाया और उनको पकड़े हुए मैं साथ बैठ गई । माँ को उन दिनों एन्जाइना व उच्च रक्तचाप की शिकायत थी, सो उन्हें घर ही रुकने को कहा । दर्द से छटपटाते पिताजी को बैठाए रखना कठिन हो रहा था । रास्ते में ही उनकी आँखें न जाने कैसी हो पलटने लगीं । वे बोले कि वे रिक्शे से उतरना चाहते हैं व भूमि पर मरना चाहते हैं । ना ना करते भी वे उतर गए । रिख्शे वाले भैया की सहायता से उन्हें फिर से बैठाया ।
कुछ ही देर में हम हस्पताल की एमर्जेन्सी वाले हिस्से पर पहुँचे । अब तक पिताजी की स्थिति बहुत खराब हो चुकी थी परन्तु काउन्टर पर बैठी स्त्री मुझसे फॉर्म भरवाना चाहती थी । मैंने उससे कहा कि किसी डॉ को पिताजी को देखने दो और मैं फॉर्म भर दूँगी । परन्तु वह नियम बताने लगी । मुझे एक डॉक्टर आता दिखा । मैंने उसका हाथ पकड़ा और बोला कि चलो मेरे पिताजी को देखो । वह उन्हें अन्दर ले गया और बोला ये स्ट्रैन्ग्यूलेटेड हर्निया है । अभी हाथ से ठीक कर देता हूँ । मैं बाहर आई और फॉर्म भरा । बाद में डॉक्टर मुझसे बात करने लगा और बोला कि आपने बहुत अच्छा किया जो समय पर ले आईं । कल ही एक वृद्ध इसी तकलीफ से इसी समय आया था और मेरे देखने तक खत्म हो गया ।
८ बजते बजते और डॉक्टर भी आने लगे । मुझे अचानक वे डॉक्टर दिखे जिन्होंने कुछ वर्ष पहले मेरा एपैन्डिसाइटिस का औपरेशन किया था । वे मुझसे पूछने लगे कि मैं वहाँ क्यों आई थी । मेरे बताने पर उन्होंने पिताजी को देखा और बोले कि जल्द से जल्द औपरेशन करवा लेना ही बेहतर है क्योंकि ऐसा फिर से किसी भी दिन हो सकता है । उन्होंने पिताजी को अगले दिन की ही तारीख दे दी ।
मैं पिताजी के साथ रही और अगले दिन औपरेशन के समय माँ भी आ गईं । एक मामूली सा औपरेशन था । ९ बजे वे पिताजी को अन्दर ले गए और ११ बज गए थे और कोई कुछ नहीं बता रहा था । हारकर मैं नर्स के रोकते रोकते सीधे अन्दर पहुँच गई । पिताजी की स्थिति खराब थी । डॉ एक घेरे में उनके चारों ओर थे । जिस सर्जन ने औपरेशन किया था उसने मुझे बताया कि एनेस्थिशिया या किसी अन्य कारण से उनकी स्थिति बिगड़ रही थी । एक इन्जेक्शन, जो उनके पास नहीं था, की आवश्यकता थी जो आधे घंटे के अन्दर लग जाए तो स्थिति संभल सकती है । मैंने कहा नाम लिख दो । नाम लेकर मैं माँ को पिताजी ठीक हैं व मैं दवा लेकर अभी आई कहकर भागी ।
होली का दिन था । हस्पताल की दवाई की दुकान पहुँचने से पहले ही लड़कों ने रंग दिया । दुकान में पूछा तो दवा वहाँ नहीं थी । एक औटोरक्शा करके मैं अन्य दुकानों में ढूँढने लगी । रास्ते में लड़कों की टोलियों ने रिक्शा रुकवाकर अच्छे से रंग दिया । मैं बिना प्रतिवाद किए रंगवा कर दुकानों में इन्जेक्शन ढूँढती रही । आखिर मिल गया तो उसी रिक्शे में मैं भागी वापिस आई । इन्जेक्शन डॉक्टर को दिया फिर कुछ हालत सुधरने पर उन्हें एमर्जेन्सी वार्ड में रखा गया । दो दिन बाद मेल सर्जिकल वार्ड में ले जाया गया । सारे समय मैं उनके साथ रही । मेल सर्जिकल वार्ड में स्त्री अटैन्डेन्ट का रहना मना था परन्तु मैं यह कहकर कि घर में कोई पुरुष नहीं है तो क्या वे अकेले रहेंगे , उनके साथ रही ।
मैं यह बात केवल यह बताने को कह रही हूँ किसी भी समय किसी स्त्री को चाहे काम से या जिस भी कारण से बाहर जाना पड़ता है । ऐसे में वह स्त्री होने के कारण हाथ पर हाथ धरे तो नहीं बैठ सकती ।
क्या किसी पिता को सुबह होने की प्रतीक्षा में केवल इसलिए मरने दिया जाए क्योंकि उसकी केवल पुत्रियाँ हैं या उसके पुत्र उससे दूर रहते हैं ? क्या होली का दिन होने के कारण कोई पुत्री बाहर सड़क पर पुरुषों के भय से नहीं निकलेगी और पिता के लिए आवश्यक दवाई नहीं लाएगी ?
मैं यह जानती हूँ कि मैं रात भर पढ़ने के कारण पैन्ट्स शर्ट में थी । यदि मैं फ्रॉक में भी होती तो भी वैसे ही भागती । यदि नाइट सूट में होती तब भी ।
सो किसी स्त्री को लोगों की समझ में गलत समय या गलत कपड़ों के कारण परेशान नहीं किया जा सकता । यह बहाना गलत है । यह स्त्री को भारत के नागरिकों के पूरे अधिकारों से वंचित रखता है ।
घुघूती बासूती
Showing posts with label स्त्री व हमारा समाज 4. Show all posts
Showing posts with label स्त्री व हमारा समाज 4. Show all posts
Monday, January 07, 2008
Subscribe to:
Posts (Atom)