Showing posts with label लेख. Show all posts
Showing posts with label लेख. Show all posts

Saturday, June 17, 2023

हम बेल पर लगी ककड़ियाँ

 



एक उम्र ऐसी आती है कि हर महीने दो महीने में (पति के व्हट्स एप ग्रुप में ) समाचार आता है कि यह या वह चला गया. कोई सोए में तो कोई दो चार दिन की बीमारी में.

परसों जिनकी मृत्यु का समाचार मिला उन्हें मैं स्कूल के दिनों से जानती थी. बहुत ही प्यारे व्यक्ति. ( थे कहने में मन कचोटता है) उतने ही निरापद जितना कोई नवजात. लगभग दस वर्ष पहले पति उनसे मिले थे . उन्हें पार्किन्सन रोग था. वह ओजस्वी मित्र ऐसे रोग से जूझ रहा होंगे सोचकर मन खिन्न हो गया. हो सकता है मृत्यु शायद उनके लिए मुक्ति ही रही हो.
पति के रिटायर होते ही सबसे पहले जिनकी मृत्यु का समाचार मिला था वे घर आते रहते थे. फिटनेस के शौक़ीन वे जिम जाते थे. ६७ वर्ष के अविवाहित  व्यक्ति किसी के द्वारा अंकल कहलाना सह नहीं पाते थे. उनकी अस्सी वर्षीय माताजी उनसे भी अधिक शौक़ीन थीं. पार्टियों में अवश्य जातीं. ये मित्र सोए सोए संसार को विदा कह गए. उनकी माँ पर सुबह क्या गुज़री होगी सोच पाना भी कठिन था.

कोविड काल में तो हमारी उम्र के वृद्ध वृद्धा वैसे गए जैसे आंधी तूफ़ान में पुराने पेड़. कभी कभी लगता है जो जो मित्र चले गए उनकी एक सूची बनाई जाए. पता नहीं आखिरी व्यक्ति जो रह जाएगा कौन होगा और वह कितना अकेला होगा.
लगता है हम सब एक बेल पर लगी हुई ककड़ियाँ हैं. जो पक पक कर बेल से अलग हो रही हैं. हम जो इस आयु तक पहुंचे हैं कि अपने आप से बेल से अलग हो जा रहे हैं भाग्यवान हैं. वे जिन्हें अकाल मृत्यु ने बलात बेल से तोड़ लिया  कम भाग्यवान थे. कुछ वैसे ही जैसे जब बाल के गिरने का समय आ जाता है वह अपने आप झड़ जाता है. यदि उसे खींचकर निकाला जाए तो बहुत दर्द होता है.

उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् .
घुघूती बासूती 

Saturday, June 10, 2023

टपका

 टपका


शहरों में रहते हुए बहुत कुछ छूट जाता है, जैसे प्रकृति, खेत, फलों के बाग। सो शहरों के पास के किसानों ने अपनी आय का एक नया साधन ढूँढ लिया है। किसी ने फार्म हाउस बनाकर उसे किराए पर देना शुरू किया है, किसी ने आम के मौसम में आम पार्टी रखना शुरु किया है।

पहले से पैसे देकर आप आम पार्टी में जा सकते हैं। आम के बाग में आपका स्वागत होता है। वहाँ आप घूम फिर सकते हैं। चाय, जलपान, खाना पीना खरीदकर कर सकते हैं। आम तोडकर उन्हें तुलवाकर खरीद सकते हैं। फलों के जैम, मुरब्बे, अचार खरीद सकते हैं। कुछ फार्म में आप जानवरों को खिला पिला भी सकते हैं। 

हम भी अपनी नतिनी और उसके माता पिता के संग गए। नतिनी को लम्बे से डंडे से पेड़ से फल तोड़ना सबसे अधिक अच्छा लगा, उसके बाद उसे जानवरों को खिलाना पसन्द आया।

मैंने नतिनी को टपके आम के बारे में बता रखा था कि उससे अधिक स्वाद कोई भी आम नहीं हो सकता। किन्तु दुर्भाग्य से हमें वहाँ टपका आम नहीं मिला। टपका आम वह आम होता है जो पूरी तरह से पेड़ पर ही पकता है और फिर पकने के बाद अपने आप पेड़ से टपक जाता है। अन्यथा किसान जब आम पूरी तरह से बड़ा हो जाता है तो उसे तोड़कर पाल में पकाता है। पाल अर्थात किसी बन्द जगह जैसे पेटी आदि में पुआल आदि रखकर उनके बीच आमों को रखकर बन्द कर देना। फिर फल की अपनी गर्मी से फल पक जाते हैं। हमारे बचपन में हमने पिताजी को पुआल की जगह अमलतास के पत्ते उपयोग करते देखा था। हम भी पति की नौकरी के समय बड़े बगीचों वाले घरों में रहे ओर ऐसे ही आम पकाते रहे। 

इस फार्म यात्रा के बाद नतिनी माता पिता के साथ घूमने यात्रा पर चली गई। टपका आम खिलाना रह गया। उनके वापिस आने से पहली शाम जब हम पति पत्नी सैर कर रहे थे, तो अचानक बहुत जोर से कुछ गिरने की आवाज आई। हम रूककर क्या गिरा देखने लगे। अचानक पति की नजर पास के आम के पेड़ पर पड़ी जिसपर काफी आम लटक रहे थे। समझ आया कि आम गिरा है। पास खड़ी एक कार की छत पर एक बड़ा सा आम पड़ा हुआ था। मन टपका कहकर बल्लियों उछलने लगा। हम उस आम को घर लाए। वजन किया तो वह ६८४ ग्राम का निकला। वह पूर्णतया पका हुआ था। 

अगले दिन बच्ची ने जीवन का पहला टपका आम खाया। वह किसी विशेष प्रजाति का नहीं था। कभी किसी गुठली से अपने आप उगा एकदम ठेठ देसी आम था। उसका स्वाद भी उसकी तरह से ही ठेठ उसका निजि एकदम अलग था।

घुघूती बासूती 

Friday, May 13, 2022

संयोग



पश्चिम बंगाल के पहाड़ों और सिक्किम से लौट आई. किन्तु उस पर बाद में.
कई अन्य बातें हैं जो अपने को लिखवाना चाह रही हैं.
बागडोगरा हवाईअड्डे पर उतरने के बाद सिलिगुड़ी में एक रेस्टोरेंट में पहली मंजिल या उससे भी कुछ ऊपर( पहाड़ होने के कारण कुछ अधिक चढ़ना पड़ा) खाना खाने गए. खाना ख़त्म होने के बाद निकलने ही वाले थे और हाथ मुंह धो रहे थे कि अचानक पहले एक आदमी भागता हुआ सीढिया उतरने लगा फिर एक स्त्री और फिर कई और लोग. कुछ भगदड़ सी मचती देख मन आशंकित हुआ. पहले हुए फसादों का ध्यान आया. और बच्चों को सचेत किया.
नीचे उतरे तो पता चला कि दो साल का एक बच्चा ऊपर खिड़की से नीचे गिर गया था. इसलिए माता पिता नीचे भागे थे.
अब वे लोग बच्चे को अपनी कार में हस्पताल ले जाते दिखे.
किन्तु बच्चे को कुछ भी नहीं हुआ था. एक खरोंच भी नहीं लगी थी. बात अविश्वसनीय है .
नीचे भी खाना पकता है. वहाँ का कुक शायद धुएँ , गर्मी या फिर रसोई की बोरियत से बाहर साँस लेने आया. अचानक उसने ऊपर देखा और उसे बच्चा गिरता दिखा. उसने बच्चे को लपक लिया. अचानक से वह कुक उस परिवार के लिए न जाने क्या बन गया. भगवान, देवता, रक्षक या न जाने क्या?
मेरा बड़ा मन था कि उस कुक से मिलूँ. उसे देखूं. किसी के प्राण बचाने का अवसर सबको तो नहीं मिलता. न जाने वह स्वयं कितना स्तब्ध होगा. उसने जो किया वह शायद एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी और उसने अपने जीवन का सबसे बहुमूल्य काम एक पल में कर दिया.
अपने टी वी रिपोर्टर्स की तरह उससे पूछ सकती थी कि उसे कैसा लग रहा है. किन्तु स्त्री होने का सबसे बड़ा प्रशिक्षण हमें जो जन्म से मिलता है वह है मन की न करना. सो उससे नहीं मिली.
किन्तु अचंभित अब तक हूँ.
घुघूती बासूती

Monday, June 14, 2021

पिताजी

 पिताजी

पिताजी में सदा हर काम, हर बात, जीवन के प्रति उमंग होती थी. छोटी छोटी बातें उन्हें खुश कर देती थीं. मैंने उन्हें कभी किसी काम को टालते नहीं देखा. ( माँ कभी कभी मजे से टाल देती थीं , सिवाय पुस्तक, पत्रिका, समाचार पत्र पढने को ) हर समय उर्जा और उत्साह से भरे होते थे. मृत्यु से तीन महीने पहले तक मेरे पास थे. सुबह शाम इतना तेज चलते हुए सैर करते थे कि सब लोग देखकर दंग रह जाते थे. छोटे छोटे बच्चे अपने अपने गेट पर खड़े होकर उनकी प्रतीक्षा करते थे. वे एक दूसरे की भाषा नहीं समझते थे. किन्तु बच्चे उन्हें नमस्कार करने को खड़े रहते थे.
उनकी मृत्यु से तीन महीने पहले मैंने उन्हें कहीं पांच किलोमीटर दूर पैदल चलकर अपने साथ घूमने जाने को कहा तो वे उसी क्षण चल पड़े.
पिताजी को उनके भगवान, माँ के प्रति अद्भुत अकूत प्रेम, उनके उद्यम, उनकी निडरता से अलग करके नहीं देख सकती.
जाने से एक माह पूर्व मेरी उपस्थिति में ही उन्हें मृत्यु का आभास हो गया था. या उनके शब्दों में काल उन्हें एक महीने का नोटिस दे गया था.
उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या तुम माँ का ध्यान रखोगी , उन्हें अपने साथ रखोगी और भाई के पास से ले जाती , लाती रहोगी. मेरे हाँ कहने के बाद उन्होंने बस मुझे अपने परिवार और बच्चियों का ध्यान रखने को कहा और उसके बाद एक भी बार संसार की समस्याओं के बारे में नहीं सोचा.
उस एक महीने उन्होंने लगातार केवल राम नाम ही जपा. हाथ से माला ले लेने पर वे उँगलियों पर काल्पनिक माला जपते रहे. अपनी अन्य दैनिक पूजा, आराधना को शायद बिस्तर पर होने के कारण छोड़ दिया. या शायद वे अपने हिस्से की कर चुके थे. कोई मिलने आता तो मुस्करा कर हाथ जोड़ देते. और फिर अपने जाप में लग जाते. भाई के प्रति उनका स्नेह ही उनका अंतिम सांसारिक लगाव रह गया था.
उन्हें न भोजन, न पानी , न दवा में रूचि रह गयी थी. न उन्हें कोई कष्ट था, न पीड़ा. डॉक्टर ने उनपर कोई जबरदस्ती न खिलाने न, दवा की जिद करने को कहा था. उनका कहना था कि उनके organs और शरीर धीरे धीरे बंद हो रहे हैं, बस उनके आराम का ध्यान रखना है.
जब भी उनके अंतिम दिनों को याद करती हूँ तो लगता है उनका जपा यह मन्त्र उनपर फलीभूत हुआ. बिलकुल जैसे फल पकने पर अपनी शाखा से अलग हो जाता है वे प्राणों/ जीवन/ शरीर से अलग हो गए.
ॐ त्र्यम्बकम् यजामहे
सुगन्धिम् पुष्टिवर्धनम् .
उर्वारुकमिव बन्धनान्
मृत्योर्मुक्षीय माऽमृतात्.
रात एक बजे उनके पूरी शक्ति से बिलकुल स्पष्ट अंतिम शब्द थे , हे राम !
पापा, हमारे लिए भी जपा था न!
जन्मदिन की शुभकामनाएँ पिताजी! आपको बहुत बहुत प्यार. आपके लिए कभी नहीं रोई. कोई कारण ही नहीं था या है. जैसा स्वच्छ , स्वस्थ, कार्यशील , विवेकपूर्ण , आनन्दमय जीवन आपने जिया, विरले ही जी सकते हैं. आपके पास कितना कम धन था और कितना अधिक आनन्द था.
आपके लिए ही निर्वाण षट्कम में 'चिदानन्द रूप: शिवोऽहम् शिवोऽहम्' कहा गया होगा.
वैसे मैं सदा आपके साथ शिव को ही जोडती थी. मुझे बचपन भर लगता था वे आपके मित्र हैं. किन्तु आप अंत समय राम जपते रहे.
एक और बात सदा कुछ भी अच्छा, बहुत स्वाद खाते, बहुत अच्छा पहनते, जीते समय याद आती है. आप सदा कहते थे, 'तुमने खा लिया, मेरा पेट भर गया. ' आशा है आप सदा की तरह तृप्त होंगे. चाहे भूमि के कणों में, चाहे वायु में, चाहे आकाश में या अपने प्रिय पेड़ पौधों, हरियाली में या यदि कोई राम है तो उसके पास या किसी संसार की वृहत चेतना में बहते हुए. साथ में मेरा स्नेह भी बहता होगा पापा. Love you.
घुघूती बासूती

Thursday, March 31, 2016

बच्चों के साथ क्वालिटी समय या अनमना समय

अपनी नतिनी तन्वी को हर शाम सोसायटी के पार्क खेलने ले जाती हूँ। बहुत अच्छा और बड़ा पार्क है। छोटे बच्चों के साथ प्रायः माता पिता, दादा दादी, नाना नानी या आया आती हैं। अभी तक मेरे सामने कोई गम्भीर दुर्घटना तो नहीं घटी किन्तु कई बार बच्चों को झूले से चोट लगते देखती हूँ। प्रायः ये दुर्घटनाएँ रोकी जा सकती हैं। दो बातें अभिभावकों का ध्यान अपने बच्चे की सुरक्षा से भटका देती हैं, एक तो है मोबाइल दूसरा अन्य अभिभावकों से बातें करने में खो जाना।
कल ही एक छः सात साल की बच्ची झूले पर बैठकर लगातार अपनी माँ को पुकारे जा रही थी। प्रायः बच्चों को झूला तो मिल जाता है किन्तु झुलाने वाले गायब हो जाते हैं। बच्चे झूला छोड़ना भी नहीं चाहते सो जाकर बुला भी नहीं पाते। उन्हें भय रहता है कि एक बार अपनी बारी निकल जाने दी तो न जाने कब बारी मिलेगी। खैर, बच्ची लगातार बुलाती रही किन्तु माँ नहीं आई। अचानक बच्ची नीचे गिरी और उठने लगी। उठने पर लकड़ी के झूले की पट्टी निश्चित उसके सर पर लगती। मैं पास में ही तन्वी को झुला रही थी। स्टे डाउन, डोन्ट गेट अप चिल्लाती उसके झूले को पकड़ने दौड़ी। भाग्य से इसके पहले कि झूला उसके सर से टकराता मेरे हाथ में था।
इस बार माँ पल भर में ही पहुँच गई थी और मुझे आभार कह बच्ची को डाँटती हुई यह कहते हुए घसीटते हुए ले गई, हुण तेन्नू कदे एथ्थे नहीं लावाँगी। तेन्नू झूटे लेणा वी नहीं आन्दा।
उसका इतना जल्दी पहुँच जाना सिद्ध करता है कि वह आस पास ही थी किन्तु बच्ची की पुकार को जानबूझ कर अनसुना कर रही थी।
परसों एक और माँ बच्ची को पींग लेना सिखा रही थी और न सीख पाने पर फटकार रही थी कि मुझे विश्वास नहीं होता कि तुम मेरी बेटी हो। माँ में सिखाने धैर्य नहीं था और बच्ची को रुआँसा कर वह चलती बनी।
कुछ दिन पहले एक वृद्ध एक पाँच सात महीने के बच्चे को गोद में लकर आए। उन्होंने दस बारह साल की अपनी पोती के हाथ में बच्चा दे उसे झूले पर बैठा दिया। बच्ची झूले को पकड़े या बच्चे को? सो उसकी एक बाँह झूले की चेन के दूसरी तरफ से निकाल बच्चा गोद में बैठा दिया। फिर एक तरफ से चेन पकड़ उन्होंने जो झुलाना शुरु किया लगा कि वे भूल गए हैं कि नन्हा सा बच्चा एक ही हाथ के सहारे बच्ची ने पकड़ रखा है। और एक ही तरफ से चेन को लगातार हिलाते रहने से न केवल झूला तेज जा रहा था बल्कि बहुत टेढ़ा जा रहा था। मुझे लग रहा था कि बच्चा अब गोद से छिटकेगा ही। भाग्य से बच्चे का पिता डैडी, डैडी, रोको, रोको, इतना तेज मत झुलाओ कहता हुआ आया और बच्चे को अपने साथ ले गया।

एक दिन लगभग दो वर्ष की बच्ची अकेली घिसलपट्टी की सीढ़ियाँ चढ़ रही थी। उसका पिता मोबाइल पर व्यस्त था। लड़खड़ाती हुई बच्ची के पिता से जब मैंने पूछा क्या यह अकेली सीढ़ी चढ़ सकती है तो उसने कहा, हाँ थोड़ा चढ़ जाती है किन्तु गिर सकती है। फिर उसका ध्यान बच्ची पर गया जो काफी ऊपर चढ़ डगमग हो रही थी। लपक कर उसने बच्ची को सम्भाला, किन्तु उसे नीचे उतार वापिस मोबाइल पर व्यस्त हो गया।
ऐसा भी नहीं है कि अधिक ध्यान रखने से बच्चों को चोट नहीं लगेगी किन्तु इतनी लापरवाही आश्चर्यचकित अवश्य करती है। यह बात भी समझ नहीं आती कि क्या हम अपने बच्चों को कुछ मिनट का अबाधित, बिना किसी अन्य से मोबाइल पर बतिआए समय नहीं दे सकते। बच्चों के साथ ऐसे अनमने और जबरन बिताए समय का क्या लाभ? शायद इसीलिए क्वालिटी समय की इतनी बात होती है। आखिर हमारे बच्चे से अधिक महत्वपूर्ण और वह भी उसके साथ खेलने के समय में, संसार में क्या हो सकता है?
घुघूती बासूती

Saturday, January 30, 2016

मैं बनी बेबी मगरमच्छ

आज याने ३० जनवरी को मेरी नतिनी तन्वी तीन साल की हो जाएगी।
और २९ की मेरी शाम कुछ ऐसे बीती उसकी नतिनी बनकर।

जब से प्ले स्कूल जाना शुरु किया है उसे जुकाम पकड़े रहता है। बीच बीच में बुखार भी हो जाता है। शायद यह उसकी वायरसों से पहली मुठभेड़ है इसलिए। आज भी जुकाम अधिक था इसलिए निश्चय किया गया कि शाम को उसे पार्क खेलने नहीं ले जाया जाएगा, (पार्क भी मैं ही ले जाती हूँ) और घर में ही उसका मनोरंजन किया जाएगा।

उसका जन्मदिन आज स्कूल में मनाया गया। कल घर में और परसों बाहर जाकर मनाया जाएगा। उसका मन बहलाने को निर्णय किया गया कि दो उपहार आज ही दे देंगे। किन्तु तन्नी तो इतनी मस्त है, आज के भौतिकतावादी समय के बिल्कुल विपरीत है कि कमसे कम दस बार उपहार की बात करने पर भी उसे उपहार लेने में जरा भी रुचि नहीं थी। बाज़ार जाने पर भी कुछ चुनने को कहो तो अधिक से अधिक एक खिलौना उठा लेती है और कहती है, 'मेरे पास हैं।'

सो जो खेल उसने खेला उसका आरम्भ उसका दूध खत्म करवाने के लिए मैंने ही किया था। उसके पास कुछ चुम्बक वाली सपाट मछलियाँ, व्हेल, डोल्फिन, कछुआ, स्टार फिश, ओक्टोपस, लाइट हाउस आदि हैं। मैंने धूप में बैठकर अपनी उंगलियों से मुँह की आकृति बनाई और उसे मगरमच्छ कहा और उसकी मछलियों पर और दूध पर इस आकृति से आक्रमण करवाया, क्योंकि मगरमच्छ भूखा था सो यदि दूध  नहीं पीती तो दूध भी पी लेता। उसने दूध तो पी लिया किन्तु उसे खेल इतना पसन्द आया कि घंटों मेरे साथ यही खेल खेलती रही।

कुछ देर तो उसकी उँगलियाँ मगरमच्छ का मुँह बन मेरे हाथ से मछलियाँ खाती रहीं किन्तु बाद में मैं याने मेरी उँगलियाँ बेबी मगरमच्छ बना दी गईं। और वह याने उसकी उँगलियाँ नानू मगरमच्छ। उसकी उँगलियाँ शिकार पकड़ उन्हें चबाती और फिर 'च्यू च्यू ग्राइंड ग्राइंड' करने के बाद मेरी उँगलियों को खिला देतीं। (इस बात का संकेत कि चबाने का काम उसे कितना उबाऊ लगता है इसलिए नानू बन वह मुझे चबा कर खिला रही थी।) सब तरह की मछलियाँ कछुआ आदि खिलाने के बाद उसने मुझे लाइटहाउस भी खिला दिया। स्वाभाविक था कि मेरे नन्हे मगरमच्छीय पेट में दर्द भी हुआ। फिर उसने मुझे दवाई पिलाई जो अलग अलग चुम्बक वाले अक्षर थे और खेल जारी रखा। पहली नीले अक्षर वाली दवाई जब बेबी मगरमच्छ को पिलाई गई तो उसने कड़वी है की शिकायत की। तब वह लाल अक्षर वाली दवाई लाई और बोली कि लाल याने मीठी। मेरे द्वारा पेट भर गया कहने पर वह मेरे पेट के ओने कोने में कहीं जगह ढूँढ और खिलाती ही रही।

उसके उपहार ज्यों के त्यों पैक किए हुए पड़े ही रह गए। किन्तु साठ वर्षीय बेबी मगरमच्छ को एक तीन साल की ऐसी मगरमच्छ नानू मिल गई जो 'च्यू च्यू ग्राइंड ग्राइंड' करके उसके मुँह में खाना ही नहीं लाइटहाउस भी डाल देती है। वैसे आज तो उसने मुझे भयंकर माँसाहारी भी बना दिया।

स्कूल वाला केक मुझे क्यों नहीं मिला पूछने पर उसने बताया कि वह केवल बच्चों के लिए था और सुबह के समय तक मैं नानू ही थी, बेबी मगमच्छ नहीं, सो मैं केक के लिए अयोग्य थी।
घुघूती बासूती

Saturday, August 15, 2015

हँसना, खाँसना, छींकना, हिचकी लेना मना है।

बुधवार की शाम हम घर आ रहे थे। बूँदाबादी हो रही थी। हम उस इलाके से निकल रहे थे जहाँ बहुत से इन्फोर्मेशन टेक्नॉलोजी के दफ्तर हैं। शाम को जबर्दस्त ट्रैफिक हो जाता है। सड़क के दूसरी तरफ एक मोटरसायकिल की दुर्घटना दिखी। अवश्य कोई युवा होगा या होगी। मन ही मन मनाया कि चोट अधिक ना लगी हो। बहुत सी मोटरसायकिल भी रुक रही थीं। फिर मन ही मन मनाया कि कोई दोस्त भी रुका हो।
रास्ते में बड़ी बेटी का घर है। उसके घर कुछ काम से गए। निकलते निकलते रात हो गई।
पति कार धीरे ही चलाते हैं। कारों के बीच में प्रायः स्कूटर या मोटर सायकिल को जगह नहीं मिलती। वे किनारे किनारे ही चलाते जाते हैं। हमारी कार के सामने उन्हें जगह मिल जाती है और सदा दो पहिया वाहनों का एक झुँड हमारी और अगली कार के बीच जगह पा जाता है। उन्हें देख यही लगता है कि ये हमारे ही तो बच्चे हैं। जब से हमारे बच्चे बड़े हुए हैं हर युवा अपनी संतान सा ही लगता है।
हम अपनी सोसायटी के काफी पास आ गए थे। भीड़ भी कम हो गई थी। एक पुल के नीचे दाएँ बाएँ विभाजन हैं। एक छोटा ट्रक गलत तरफ से हमारे सामने आया। फिर एक कार। दोनो की हेडलाइट फुल बीम पर थीं। वे आँखों को चुँधिया कर चली गईं। कार रोक कर उनको जाने दिया। हम चले ही थे कि एक और की हेडलाइट ने लगभग अन्धा ही कर दिया। बारिश और इन दोनो के चलते बिना किसी रोशनी, बिना किसी पेन्ट या लाइट रिफ्लेक्टिव पेन्ट के डिवाइडर के नाम पर बने कन्क्रीट की छोटे सी दीवार नुमा सिमेन्ट के रंग के डिवाइडर को पति देख नहीं पाए और जहाँ वह शुरु हुआ उसी जगह उस से कार टकरा गई। यह डिवाइडर हर कुछ दिनों बाद कुछ और लम्बा कर दिया जाता है। सड़क पर ना तो कोई लाइट हैं और ना ही डिवाइडर आने की कोई चेतावनी।
हमने सीट बेल्ट तो पहन रखी थीं इसलिए चोट नहीं आई। एकदम से तीन युवक अपनी अपनी मोटर सायकिल रोक सहायता के लिए आ गए। हमें कार से उतारा। पति का सीट के नीचे गिरा चश्मा ढूँढ कर दिया। हमें चोट तो नहीं लगी, हस्पताल ले चलें आदि पूछा। एक का घर पास था, वहाँ ले चलने को कहा। घर से पानी लाने का प्रस्ताव रखा। पानी है कहने पर हमारी कार से पानी निकाल कर हमें पिलाया। बारिश में ही खड़े हमारा साथ देते रहे। एक ने फोन कर टो ट्रक को बुलाया। हम दोनो को भीगने से मना कर कार में बैठने को कह स्वयं भीगते रहे। हमें हमारे घर पहुँचाने का भी प्रस्ताव रखा। हमारे जवाँई के आ जाने के बाद भी टो ट्रक के आकर कार ले जाने तक हमारे साथ बने रहे। कार को धक्का देकर टो ट्रक के सामने किया। अन्त में जब हम जवाँई की कार में बैठने लगे तब हाथ मिलाकर ही वे अपने घर गए।
हमें चोट तो नहीं लगी थी। शायद सीट बेल्ट से ही या व्हिप लैश के कारण छाती में काफी दर्द था। डॉक्टर को दिखाया एक्स रे आदि करवाया। सब ठीक है। बस मेरी छाती में काफी दर्द है। पाँच दिन की दवा दी, दर्द का इन्जेक्शन लगाया गया। कुछ दिन काम करना मना है। केवल लेटना या बैठना है। झुकना, वजन उठाना मना है। बेटियाँ इस बात से खुश हैं कि आखिर माँ को किसी ने तो आराम करने को बाध्य कर दिया। हाँ, हँसना, खाँसना, छींकना, हिचकी लेना मना है।
जिन युवाओं की मैं सदा तरफदारी करती रहती हूँ, जिनमें मैं अपनी संतान ही देखती रहती हूँ, उन्होंने अपने प्रति मेरे विश्वास और स्नेह को एक बार फिर सही सिद्ध कर दिया। उन तीनो युवकों को मेरा बहुत बहुत धन्यवाद। आगे बढ़ते रहो, उन्नति करो, मस्ती करो और समय आने पर यूँ ही किसी परेशान की सहायता करते रहो।
घुघूती बासूती

Saturday, August 08, 2015

मानव जिजीविषा

बदली अर्थात ट्रान्सफर वाली नौकरी के कई लाभ हैं तो बहुत सी हानियाँ। लाभ यह है कि आप और आपका परिवार कूपमंडूप नहीं बना रहता। हर दो या तीन साल के बाद, एक नई जगह, नया प्रदेश, नई भाषा, नए लोग, नया खानपान, नई संस्कृति देखने समझने को मिलती है। बच्चे भी जीवन में कहीं भी, किसी भी वातावरण में अपने को ढालना सीख जाते हैं। सबसे बड़ी बात, कितनी भी बड़ी असुविधा हो यह जान कि यह अस्थाई है सहन हो जाती है।
हानियों में सबसे बड़ी यह है कि पति पत्नी दोनो के लिए नौकरी कर पाना असम्भव सा हो जाता है। अन्यथा जीवन भर अलग अलग रहने को अभिशप्त हो जाते हैं। प्रायः पत्नी को ही पति को इंजन मान पीछे का डिब्बा बन साथ साथ जाना पड़ता है। यदि कहीं नौकरी की सुविधा मिल जाए तो कर लो अन्यथा अगली बदली की प्रतीक्षा करो। उस पर भी यदि ये बदलियाँ एक छोटी बस्ती से दूसरी में हों तो नौकरी के अवसर होते ही नहीं।
हर समय सामान बाँधने को तैयार रहना होता है। किसी जगह, प्रान्त को अपना नहीं कह सकते। मन बहलाने को कह भी लो तो वह अपना हो नहीं सकता। आप यह निश्चय भी नहीं कर पाते कि अन्त में कहाँ बसेंगे।
सबसे बड़ी बात यह है कि उम्र के जिस पड़ाव में भाग दौड़ करना कठिन होता है उस समय आप नए सिरे से गृहस्थी बसाते हैं, बिल्कुल अनजान लोगों के बीच। हम भी आजकल यही कर रहे हैं। उम्र रोज याद दिलाती है कि अब आप पेड़ पर लगी मंजरी नहीं, लगभग पक चुके फल हैं, टपकने की प्रतीक्षा में। उसपर भी भगवान पर विश्वास न हो तो यह भी पता होता है कि टपकने पर कोई हाथ लपकेगा नहीं, बस धरती ही पर टपक धरती का ही हिस्सा बनना है। फिर भी इतनी दौड़ भाग!
पिछले साल मेरे ही नाम और सरनेम वाली, घुघूती बासूती नहीं, वह तो मेरा अपने को दिया नाम है, मेरी एक सहेली, जिसने बिल्कुल ऐसा ही बंजारा जीवन बिताया, अन्त में पति के रिटायर होने पर बसने को इसी शहर हैदराबाद में, मेरे घर से दो सौ मीटर दूर बसने आई। उसे और मुझे दोनो को खुशी थी कि घर आसपास हैं तो बरसों बाद मिलना होगा। खूब मन से उसने नए फ्लैट में अपने मन के बदलाव कराए। खूब तोड़ फोड़ करा अपने मन का नीड़ बनाना शुरू किया। अभी तो ढंग से घर व्यवस्थित भी न कर पाई थी कि अपने अन्तिम पड़ाव पर चल पड़ी। सब कुछ धरा का धरा रह गया। अभी तो और्डर किया नया सोफा घर भी नहीं पहुँचा था कि दो बाँस पर वह चली गई।
मिलने की इच्छा भी दम तोड़ गई। हाँ, उसके घर जा उसके पति और पुत्र को अपना शोक प्रकट कर आई।
वाह रे जीवन और वाह री मानव जिजीविषा! सबकुछ जानते हुए भी इतना तामझाम यह जिजीविषा ही करवा सकती है।
घुघूती बासूती

Tuesday, December 16, 2014

वाह, बारहखड़ी!

बिटिया की कॉन्फ्रेन्स चल रही हैं। एक के बाद एक तीन हैं। देढ़ हो चुकीं। हर कॉन्फ्रेन्स कमसे कम चार दिन की।
जैसे तैयारी करती है, उसकी बारहवीं के दिनों की याद आ जाती है। बस अन्तर इतना है कि तब २२ महीने की बच्ची नहीं थी उसकी। हाँ यह अन्तर भी है कि तब तीन घंटे में परीक्षा खत्म हो जाती थी। रात के दस, ग्यारह, साढ़े ग्यारह न बजते थे लौटते हुए।
तन्वी और उसकी नानू दिन तो बिता लेते हैं। शाम होते होते मम्मा की याद आने लगती है। यदि मम्मा कॉन्फ्रेन्स में हुई तब तो मिल नहीं सकती, जब तैयारी कर रही होती है तब भी छिपी रहती है तन्वी से। अन्यथा जैसे वह मुझे कहती है, नानू लैपटॉप नहीं खोलो वैसे ही माँ को भी आदेश दे देती है।
कभी कहती है, मम्मा को बुलाओ। कभी कहती है मम्मा के पास चलो। ड्राइवर नहीं है कहने पर बोलती है छुकछुक गाड़ी से चलेंगे। मुझे मम्मा की लैब का रास्ता पता नहीं है कहने पर कहती है तन्नी रास्ता ढूँढ लेगी। छुकछुक गाड़ी मम्मा की लैब तक नहीं जाती कहने पर कहती है कि हम दोनो हाथ पकड़ कर वॉकी वॉकी जाएँगे। मम्मा के पास जाएँगे।
आज या वह आज कल बन चुका शायद, उसका ध्यान बटाने को जब हिन्दी अंग्रेजी की कई कहानियाँ सुना चुकी, ढेरों पज़ल्स सुलझा लीं, उसके फूल से आकार वाले ब्लॉक्स से एक बड़ा फूल बना चुके जो उसे सूरज लगा और नानू देखो तन्नी सूरज के चारों ओर घूम रही है कहकर उसकी बीसियों परिक्रमा लगा चुकी, पुस्तकें पढ़ चुके हम तो अचानक मुझे बारहखड़ी सूझी।
उसे कका ककी कुकू केकै कोकौ कंकः बहुत पसन्द आए। मम्मा भूलकर किलकारियाँ भरने लगी वह। सारे वर्ग तो ठीक रहे किन्तु प वर्ग पहुँचने से पहले खतरे की घंटियाँ बजने लगीं। पपा, अरे पापा की याद आ जाएगी। ममा मिमी, उफ़, यह शब्द तो बोला ही नहीं जा सकता। यह तो हैरी पॉटर के वोल्डेमौर्ट सा प्रतिबन्धित शब्द है। जो गाने, कविताएँ मम्मा सुनाती है, जो खेल वह खिलाती है, सब प्रतिबन्धित रहते हैं उसकी अनुपस्थिति में। उसका कमरा, उसका सामान सबसे दूर ही रखती हूँ। पति से भी फोन पर उसकी बात करती हूँ तो उसका नाम लिए बिना, नहीं तो मम्मा को बुलाओ राग आरम्भ।
कितना कठिन होता है माँ होकर अपने केरियर पर ध्यान देना। स्वाभाविक है कि वे अधिक आगे नहीं बढ़ पातीं। जो समय जमकर काम करने, अपने को अपने क्षेत्र में सिद्ध करने, कुछ उपलब्धि का होता है वही समय बच्चे को भी माँ चाहिए। एक समय ऐसा आता है जब माँ के पास समय रहता है, बच्चा अपने संसार में खो जाता है किन्तु केरियर बनाने का समय निकल चुका होता है।
विज्ञान के संसार में तो आप कुछ साल का ब्रेक लेने की सोच ही नहीं सकतीं। हर दिन कुछ नया खोजा जाता है, लिखा जाता है आपके क्षेत्र में, जिसे पढ़ना, गुनना आवश्यक है। उससे अनभिज्ञ रहकर अचानक एक दिन आप फिर से अपने क्षेत्र में नहीं कूद सकतीं। कोई आपके लौट आने की प्रतीक्षा भी नहीं करता।
आप काम करती हैं और पूरे मनोयोग से तो बच्चे के प्रति अपराध बोध। नहीं करतीं तो अपने काम के प्रति अपराध बोध।
बहुत कठिन है डगर मातृत्व की।
और हाँ, नानूगिरी की भी।
घुघूती बासूती

Saturday, December 13, 2014

एक और नामकरण

घुघूती बासूती
माम काँ छू
मालकोट्टी
के ल्यालो
दूध भात्ती
को खालो
तन्नी खाली, तन्नी खाली, तन्नी खाली !
तन्नी गा रही है।
तन्नी, जानती हो कि घुघूती बासूती कौन है?
वह अपनी धुन में अपने को ही बिस्तर पर झूला सा झुलाती गाती जाती है।
तन्नी, नानू घुघूती बासूती है।
उसकी धुन भंग हो जाती है। वह सतर्क हो जाती है।
नहीं, तुम नानू हो।
हाँ, तुम्हारी नानू हूँ। किन्तु मैं घुघूती बासूती हूँ।
नहीं। तुम पूरी नानू हो।
घुघूती बासूती हूँ।
नानू हो।
नहीं तन्नी, नानू घुघूती बासूती है।
पूरी नानू है, तन्नी की नानू।
घुघूती बासूती कौन है?
तन्नी घुघूती बासूती है।
अब नाराज भी हो रही है। आवाज में हठ सा भी छा रहा है।
नहीं, मैं घुघूती बासूती और नानू दोनो हूँ।
तुम घुघूती बासूती नहीं हो। तन्नी घुघूती बासूती है। तुम नानू हो।
अच्छा तुम घुघूती बासूती जूनियर हो।
नहीं, जूनियर नहीं, तन्नी घुघूती बासूती है, पूरी घुघूती बासूती। तुम नानू हो पूरी नानू।
अब तो बस रो ही देगी।
ठीक है, तुम घुघूती बासूती हो। मैं नानू हूँ।

लगता है कि कुछ ऐसा ही हठ रहा होगा पति के (बाल?) मन का जिसने ऐसे ही मेरा नाम छीन मुझे मिसेज...... बना दिया। क्या सच में पुरुष का मन बच्ची सा ही असुरक्षा से भरा होता है जो वह अपनी प्रिय व्यक्ति को अपना नाम दिए बिना उसके अपने होने पर विश्वास नहीं कर सकता। बार बार उसे अपने नाम से ही जानना, देखना, पहचानना चाहता है, तब भी शायद विश्वास नहीं कर पाता कि प्रिय उसकी अपनी है। चहुँ ओर, नित प्रमाण खोजता है। खोजता है, खोजता ही जाता है। क्यों?
घुघूती बासूती
पुनश्चः
आज के अपवादों की चर्चा नहीं करना चाहती। सब जानते हैं कि अब बहुत सी स्त्रियाँ नाम नहीं बदलती या अपने पूरे नाम के आगे पति का सरनेम लगा नाम को अधिक पूरा कर देती हैं।
घुघूती बासूती

Monday, November 24, 2014

बाबा

'बाबा'। कितना प्यारा शब्द है। कान में मिश्री घोलने वाला शब्द। एक ऐसे व्यक्ति के लिए उपयोग होने वाला शब्द जिसपर हम अति विश्वास करते हैं। जो सदा रक्षा कवच बना रहता है। बहुत से लोग जैसे मराठी, बंगाली पिता को बाबा कहते हैं। मेरी जान पहचान के कुछ उत्तराखंडी बच्चे पिता को बब्बा कहते हैं। हिन्दी में भी दादा को बाबा कहा जाता है।
मेरी बेटियाँ भी अपने पिता को बाबा कहती हैं। उनके पति भी उन्हें बाबा कहते हैं। तन्वी भी अपने नाना को बाबा ही कहती है। तन्वी की नानी भी इन सबके बाबा के बारे में जब बात करती है तो बाबा ही कहती है। बाबा तो अब घुघूत का नाम ही हो गया है।
सो जब बाबा शब्द इन जेल जाने वाले धर्म के श्रद्धा के दुकानदारों/ ठेकेदारों के लिए उपयोग होता है तो बहुत कष्ट होता है। इतने प्यारे सम्बोधन को इन लोगों ने गाली ही बना दिया है। इनके अपराधों में एक यह अपराध भी शामिल किया जाना चाहिए़।
इनके लिए कोई नया नाम गढ़ना चाहिए। धर्म के, श्रद्धा के दुकानदार हैं तो धर्मदार या श्रद्धादार या ऐसा ही कुछ। साधु, सन्त, बाबा इनके लिए उपयोग न किए जाएँ तो ही बेहतर है। जो भी हो, बाबा सम्बोधन इन पाखंडियों से वापिस ले लिया जाना चाहिए।
घुघूती बासूती

Sunday, November 02, 2014

ट्रिक ओर ट्रीट

परसों शाम अचानक घंटी बजी। देखा तो बच्चों का झुँड चेहरे पर थोड़ी सी कलाकारी कर हैलोवीन मनाता आया था। कई तरह की टॉफियाँ न जाने क्यों मेरे घर एक अलमारी में शायद उनकी प्रतीक्षा में ही पड़ी थीं। सो उन्हें बाँट दी। कुछ देर बाद बच्चों का एक और झुंड आया। वे भी टॉफियाँ ले चले गए।
मैं बचपन की गलियों में पहुँच गई। कभी हम बच्चे लोहड़ी के दिन यूँ ही घर घर लोड़ी माँगने पहुँचते थे। कुछ देर लोहड़ी के गीत गाते जैसे....
दे माँ लोहड़ी, जिए तेरी जोड़ी।
दे माँ दाणे, जीवें तेरे न्याणे।
सुंदर मुंदरिए हो..,
तेरा कौण बिचारा हो..
दुल्ला भट्टी वाला हो,
दुल्ले दी धी ब्याही हो,
सेर शक्कर पाई हो ...
फिर मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की याद आती है जहाँ लड़के टेसू और लड़कियाँ झाँझी (? ) लेकर गाने गाते हुए घर घर जाते थे।
लड़के गाते थे..
मेरा तेसू यहीं खड़ा
खाने को माँगे दही वड़ा
दही वड़े में पन्नी
रख दो चवन्नी।
उस जमाने में तो चवन्नी की माँग भी उद्दंडता लगती थी। झाँझी वाली लड़कियाँ क्या गाती थीं समझ नहीं आता था। सब पैसा पाँच पैसा लेकर चले जाते थे।
समय बदला और ५० साल बाद आज बच्चे हैलोवीन मना रहे हैं। बात लगभग वही है।
घुघूती बासूती

Thursday, October 30, 2014

गुब्बारे

कल शाम जब तन्वी (मेरी पौने दो साल की नतिनी) को लेकर सोसायटी में घूमने निकली तो एक अन्य ब्लॉक में कोई ऊपर की दसवीं मंजिल या उससे भी ऊपर से गुब्बारे नीचे फेंक रहा था, तीन या अधिक गुब्बारों के गुच्छे। शायद ये किसी जन्मदिन पर सजे गुब्बारे थे। तन्वी बहुत आकर्षित हुई। उसका भी मन गुब्बारे लेने का हो रहा था। मैं उसे केवल देखने से ही खुश होने को कह रही थी। मैं उसे समझा पाई कि ये गुब्बारे उसके नहीं हैं अतः वे उन्हें ले नहीं सकती, उन्हें देख सकती है, उनका पीछा कर सकती है। जब उससे पूछा कि क्या ये गुब्बारे मम्मा/  पापा/ नानू/ बाबा ने खरीदे तो उसने कहा नहीं। और समझ गई कि वे उसके नहीं हैं। वहीं पर कुछ बच्चे और उनकी माताओं का समूह खड़ा था। बच्चे तो गुब्बारे लपक ही रहे थे।
एक स्त्री ने अपने बच्चे को बाँह भर गुब्बारे पकड़ाने के बाद उन पर पैर रख रखकर उन्हें फोड़ना शुरु किया। तन्वी उनको फूटता देख दुखी हो नहीं नहीं कहती रह गई। एक बार फिर तन्वी को समझाना पड़ा कि ये गुब्बारे तो उसके हैं ही नहीं तो उनके फूटने पर उसे दुखी नहीं होना चाहिए। वह कह रही थी कि नानू आँटी को रोको। फिर उसे बताया कि यदि ये गुब्बारे उसके होते तो नानू किसी भी आँटी को इन्हें फोड़ने नहीं देती।
फूटे गुब्बारों के अवशेषों ने सारी साफ़ सुथरी सड़क गंदी कर दी थी। तन्वी कचरे का एक तिनका भी देखती है तो उसे कूड़ेदान के हवाले करती है। इतना सारा कचरा देख भी वह परेशान हो गई। नानू, आँटी से कहो कि गुब्बारे डक में डालें। वहीं पास में डोनाल्ड डक वाला आकर्षक कूड़ेदान था।
एक बार फिर समझाना पड़ा कि मैंने तो उसके खाए केले का छिलका डक में डाल दिया है। एक दो फूटे गुब्बारे होते तो नानू उन्हें उठाकर डक में डाल देती ये तो बहुत सारे हैं और अब तो बहुत सारे बच्चे भी गुब्बारे फोड़ रहे हैं सो हम अभी उन्हें उठा नहीं सकते, बाद में उठाएँगे।
मैं उसकी ट्रायसायकल को पीछे से धक्का भी दे रही थी। शाम हो गई थी सो मच्छर समूह भी अपने काटने के कार्यक्रम में जोर शोर से लगे हुए थे। गति रोकने का अर्थ  उन्हें रक्तदान करना था। तन्वी तो अपने पूरे ढके शरीर व मच्छरों को भगाने वाले रिस्ट बैन्ड्स के कारण काफी सुरक्षित थी। सोच रही थी कि यदि मैं एक एक फूटा गुब्बारा उठाकर डक में डालना शुरू करूँ तो क्या इन लोगों को कुछ शर्म आएगी।
गुब्बारे फोड़े जाते रहे। और हम आगे निकल गए। दो तीन चक्कर लगाने तक तो यह कार्यक्रम जारी रहा। चौथे चक्कर तक गुब्बारे खत्म हो गए थे और सोसायटी का शाम को घूम घूम कर कचरा उठाने वाला सफाईकर्मी सारे फूटे गुब्बारे उठाकर सड़क साफ कर चुका था।
भारत में सफाई रखने का एक ही तरीका है कोई दिन रात हम कचरा फैलाने वालों के पीछे पीछे घूम घूमकर कचरा एकत्रित करता रहे। मोदी जी, सुन रहे हैं न आप! यहाँ आपके झाड़ू अभियान पर हँसने वाले अधिक हैं अपना फैलाया कचरा उठाने वाले बहुत कम और दूसरों का फैलाया कचरा उठाने वाले और भी कम।
वैसे हमारी सोसायटी में कुछ वृद्ध मोदी जी के सफाई अधियान से जुड़े हुए हैं और बेसमेन्ट तक की सफाई का ध्यान रखते हैं। किन्तु गन्दगी के पुजारियों के लिए वे कभी भी काफी नहीं हो सकते।
घुघूती बासूती

Tuesday, July 15, 2014

त्याग या स्त्री के कैरियर की महत्वहीनता?


कुछ दिन पहले पति के कॉलेज के समय के साथियों ने एक पार्टी की जिसमें हम पत्नियों को भी बुलाया गया। एक दम्पत्ति से मैं लगभग तीस साल पहले मिल चुकी थी, शेष सबसे पहली बार मिल रही थी। लगभग सब पुरुष व कामकाजी स्त्रियाँ रिटायर हो चुके थे। तीन स्त्रियाँ थीं जो नौकरी नहीं करती थीं।

कुछ मेज जोड़ दिए गए थे और जैसी कि परम्परा है, एक तरफ आमने सामने पुरुष बैठे थे और दूसरी तरफ स्त्रियाँ। सो कॉलेज व हॉस्टेल के जमाने के पति के मित्र कैसे व कौन थे यह जानने व उनके उस समय के किस्से सुनने की मेरी हल्की सी जिज्ञासा जो थी वह ज्यों की त्यों धरी रह गई। एक बार फिर मैं पति के मित्र/ सहयोगी/ बिरादरी या किसी भी अन्य प्रकार से सम्बन्धित पुरुषों के समूह की बिल्कुल ही आपस में असम्बन्धित, अनजानी पत्नियों के बीच थी और मुझे उनके साथ समय बिताना था, जानपहचान करनी थी और उनके साथ पार्टी व अपना मनोरंजन करना था। मैं समाज की इस आशा से सदा ही स्तब्ध रह जाती हूँ कि वह स्त्री से सदा यह अपेक्षा करता है और उसके जरा से विरोध से स्तब्ध व आहत हो जाता है।

खैर, पिछले ३७ वर्ष से सदा स्वयं को ऐसे ही समूहों में पाती रही हूँ सो अनजानी स्त्रियों से बतियाने का गुर सीख चुकी हूँ। जिस स्त्री से ३० साल पहले मिली थी और जिसे मिलने की मुझे जरा भी याद न थी वह मेरे बगल में बैठी थीं। कुछ देर अतिथी धर्म निभाने को उसके पति भी मेरी दूसरी बगल में बैठे और मेरी बेटियों के बारे में पूछने लगे। मेरे बड़ी बिटिया के पोस्ट डॉक्टरल रिसर्च करने पर उन्होंने उसका विषय पूछा। उसका विषय बताते ही सामने बैठी स्त्री के कान खड़े हो गए। पति के मित्र तो पाँच मिनट खबर लेने को साथ बैठने के बाद उठकर पुरुषों के बीच जा बैठे। ये स्त्री जिन्हें मैं डॉ क कहूँगी मुझसे बोलीं,"एक्सक्यूज़ मी। मैंने आपकी थोड़ी बात सुनी। आपकी बेटी कहाँ रिसर्च कर रही है? कहाँ से एम एस सी की? कहाँ से पी एच डी की? यह मेरे क्षेत्र का विषय है।"

ऐसा कम ही होता है कि कोई मुझे बिटिया के विषय या उसके विषय से सम्बन्धित क्षेत्र का मिले। मेरी तो उसके विषय में स्वयं की जानकारी बहुत कम है। मुझे यह सोच बहुत खुशी हुई कि मेरी पीढ़ी की कोई स्त्री उस विषय से सम्बन्धित है। मैंने उनसे पूछा, "अरे वाह, आप तो क्षेत्र में बहुत सीनियर होंगी। आप कहाँ काम करती हैं?"

डॉ क ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनपर परिवार का इतना उत्तरदायित्व आ गया कि उन्हें रिसर्च छोड़ घर पर ही रहना पड़ा। उनके गाइड या रिसर्च इन्चार्ज ने दो साल तक उनके लिए जगह बनाए रखी किन्तु दो साल बाद डॉ क ने कह दिया कि वे इतनी व्यस्त हो गई हैं कि कभी लौट नहीं पाएँगी अतः उनकी प्रतीक्षा न की जाए।

मेरे यह कहने पर कि बच्चे बड़े हो जाने पर वे फिर से काम शुरू कर सकती थीं वे बोलीं कि काम बच्चों के उत्तरदायित्व के कारण नहीं इन लॉ उत्तरदायित्व के कारण छोड़ा था। उनकी उम्र का ध्यान कर मैंने कहा कि क्या अभी सास ससुर हैं तो वे बोलीं नहीं। मैंने कहा कि अब तो आपको खालीपन सताता होगा। किन्तु इतनी देर से रिसर्च में तो नहीं लौट सकतीं ना। तो वे बोलीं कि नहीं मेरा उत्तरदायित्व तो अब भी चालू है।

मैं कुछ चकित हुई तो उन्होंने बताया कि उनकी दो ननदें हैं जिनका उन्हें ध्यान रखना होता है। वे अपना ध्यान नहीं रख पातीं। एक मानसिक रूप से काफी चैलेंज्ड हैं और दूसरी भी कुछ कम किन्तु वैसी ही हैं।

वे शाम भर कभी अपने अमेरिका में रिसर्च के समय के किस्से सुनाती रहीं तो कभी भारत के। कभी अपनी पी एच डी के जमाने के तो कभी अपने गाइड के।

आकर्षक व्यक्तित्व वाली उस सौम्य सी दिखने वाली स्त्री में मैं कुछ ऐसी उलझी कि अन्य किसी से कम ही बात हुई।
जब से उनसे मिली तब से यही सोच रही हूँ कि यदि विवाह बाद किसी दुर्घटना के कारण यह सब हुआ होता तो बात अलग थी। किन्तु यह कोई दुर्घटना नहीं थी। यह परिस्थिति तो पहले से ही थी। फिर बात वहीं आती है कि

१. उनका प्रेम विवाह तो था नहीं। तो उन्होंने इस विवाह के लिए सहमति क्यों दी? क्या उन्हें यथास्थिति का पता नहीं था?

२. उनके पति तो अपने विवाह से पहले से ही अपनी बहनों की स्थिति जानते थे। सो यह भी जानते थे कि उनकी पत्नी से क्या अपेक्षाएँ होंगी। सो उन्होंने किसी ऐसी स्त्री का चयन क्यों नहीं किया जो कामकाजी न थी। जो इतना अधिक पढ़ी लिखी न थी।

३. कैसे उनके सबसे अच्छे कॉलेज से ही पढ़े, चाहे खूब कमाते इन्जीनियर किन्तु ग्रेजुएट पति ने अपने लिए पी एच डी, विदेश में भी पोस्ट डॉक करी स्त्री का चुनाव किया, यह जानते हुए कि उसे काम छोड़ घर रहना होगा?

४. क्या ऐसा करने में उनकी अन्तर्आत्मा ने उन्हें कचोटा या नहीं? या उन्हें स्त्री का कैरियर महत्वहीन लगता था?

५. डॉ क के माता पिता ने उसके लिए ऐसा घर क्यों चुना?

६. क्या माता पिता को उनकी बहनों के बारे में पता नहीं था? पता था तो क्या उन्हें लगता था कि सास के बाद या सास के वृद्ध या बीमार होने के बाद उनका कुछ और प्रबन्ध हो जाएगा?

७.क्या उन्होंने इस बारे में जानने के बाद अपनी बेटी के काम करते रहने के बारे में कुछ भी सुनिश्चित नहीं किया था?

८. क्या बेटी के काम छोड़ने के बाद उन्हें अपने चयन पर अपराध बोध हुआ होगा?

क्या आप सबको यह पढ़कर सामान्य सा लग रहा है या एक प्रतिभा की समाप्ति पर दुख, क्षोभ या क्रोध आ रहा है?

या आपको यह त्याग महान और अनुकरणीय लग रहा है?

क्या वह स्त्री अपने त्याग और तपस्या के आलोक से ही प्रसन्न व सन्तुष्ट होंगी?

यदि हाँ तो उन्होंने लगातार मुझसे अपनी रिसर्च की बातें क्यों कीं?

मैं ऐसे पुरुषों को भी जानती हूँ जिन्होंने परिवार के लिए ऐसे त्याग किए किन्तु वे परिवार उनके जन्म के परिवार थे न कि विवाह के बाद के जहाँ मनुष्य के पास चुनाव का विकल्प होता है। मैंने ऐसा एक भी पुरुष नहीं देखा जो चुनाव करके ऐसी स्थिति को अपनाए जहाँ उसे अपनी पत्नी के लिए ही नहीं उसके परिवार के सदस्यों के लिए अपने प्रिय विषय व जाने पहचाने जीवन को छोड़ त्याग व सेवा का जीवन जीना पड़े।

कुछ उलझन में,

घुघूती बासूती

Friday, June 13, 2014

सागर किनारे



कल लहरों से पास से मिलना नहीं हुआ तो आज सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक की चिलचिलाती धूप में ही मिल आई।
घर में पेस्ट कन्ट्रोल वाला आकर छिड़काव करके गया था। घर के ठीक सामने सड़क पार एक बहुत सुन्दर पार्क है किन्तु उस समय वह बन्द रहता है। सो सड़क पार करके पाँच मिनट चलकर वर्ली सी फेस के सामने ख़ान अब्दुल गफ़ार ख़ान रोड पर पहुँच गई। सी फेस पर धूप थी, सो सड़क के इस पार ही एक और पार्क है उसके सामने प्याऊ है, टाइल्स लगीं हैं, ऊँचा प्लैटफॉर्म है, उस पर अपना झोला बिछा, बैठकर, लहरों का कभी धरती से मिलने तो कभी आकाश से मिलने का उतावलापन देखती रही। समुद्र का कुछ हिस्सा तो सारे बन्धन तोड़ उड़ उड़ कर सड़क पर ही आ रहा था। बान्द्रा वर्ली सी लिंक को छूने को मचलता और छूकर लौट जाता और फिर आकर उसे छू जाता।
कल पूर्णिमा थी। सो आज भी सागर का पागलपन अपने उफान पर था। वर्ली, दादर और मरीन ड्राइव पर वह जगह जगह अपनी सीमा तोड़ शहर की सड़कों पर घुस आया था। दो घंटा सड़क के इस पार बैठ जब यहाँ भी धूप आ गई तो समुद्र के पास ही चली गई। उसे देख समझ आया कि वह धरती से मिलने को उतावला नहीं हो रहा। वह तो हमारा फेंका कचरा हमें लौटाने आ रहा था। शहर के भीतर सड़कों पर घुस उन दुस्साहसियों को ढूँढ रहा था जिसने उसके जल को कचरे भरे दुर्गन्धित सूप में परिवर्तित कर दिया था।
मुझे सागर के लिए बहुत बुरा लगा। यदि नदी माँ हो सकती है तो सागर पिता क्यों नहीं? आखिर वह ही तो हमें और हमारी नदियों को जल, पहाड़ों को हिम देता है। वह तो शायद माँ और पिता दोनों ही है। किनारे आते पानी में हजारों रंग बिरंगे पॉलीथीन व कचरे के टुकड़े वैसे ही तैर रहे थे जैसे किसी बढ़िया सूप में रंग बिरंगी सब्जियों, चीज़ व क्रुटोन्स के टुकड़े। बस सुगन्ध की जगह वह दुर्गन्ध बिखेर रहा था। सही था, हम सूप में लहसुन डालेंगे तो वह उस सा महकेगा, माँस, मछली या मुर्गा तो उन सा। यदि उसमें सुगन्धित दालचीनी, लवंग और इलायची डालेंगे तो उन जैसा महकेगा।
काफी देर मैं अपने मोबाइल से ही फोटो खींचती रही। तेज धूप के चलते स्क्रीन केवल काला नजर आ रहा था। क्या खींचा पता नहीं। मैं बचने की कोशिश करती रही पर बीच बीच में वह मुझपर भी जलकण बरसाता रहा। खुशी की जगह बस यही खयाल आता रहा घर जाकर दोबारा स्नान करना होगा। किन्तु बेचारा समुद्र! वह कैसे हमसे व हमारी गंदगी से बच सकता है! इतना जल होने पर भी दोबारा स्नान कर स्वच्छ नहीं हो सकता। अपने व अपने समाज, मनुष्यों पर गुस्सा भी आता रहा। तीन नाले तो हम सबका मलमूत्र लेकर सीफेस पर ही खुलते हैं। यह तो समृद्ध, एम एल ए, एम पी, पूर्व मुख्यमंत्री के निवास वाले क्षेत्र का हाल है। साफ सुथरा चमचमाता सीफेस! किन्तु सारा कचरा समुद्र के हिस्से आता है।

कई बार जब ताजा हवा में घूमते हुए भी मुझे इन नालों के मिलन वाली जगहों पर नाक पर रुमाल रखना पड़ता है तो अपने आप व अपनी मनुष्य जाति पर खीझ उठती है। सोचती हूँ प्रकृति इतनी सहिष्णु न होकर यदि पहली गलती पर ही दो थप्पड़ जमा देती तो हम इतना ना बिगड़ते। चाहने से दस राह निकल आती हैं। हम भी समुद्र को कचरा समर्पित करने की बजाए कोई और राह ढूँढ ही लेते। अभी भी बहुत देर नहीं हुई है आओ सागर दो चार थप्पड़ हमारे गाल पर जमा जाओ। फिर भी न मानें तो दो लात जमा जाओ। इसके बिन तुम्हारा और हमारा उद्धार नहीं।
घुघूती बासूती

आज की तो नहीं लगभग तीन साल पहले की कुछ वर्ली सीफेस की फोटो यहाँ लगाईं हैं।
घुघूती बासूती

Friday, May 23, 2014

ड्राइवर


ड्राइवर
पिछली बार जब मुम्बई आई तो ड्राइवर बीमार था। उसके बदले एक अन्य बदली (टेम्परेरी) ड्राइवर था। मुझे पति के दफ्तर के पास ही डॉक्टर के पास जाना था। सो उनके साथ ही चली गई। काम होने पर लौटते समय ड्राइवर के साथ अकेली वापिस दफ्तर के सामने पति की प्रतीक्षा की।
इस समय में ड्राइवर के साथ काफी बातें हुईं। शुरू यूँ हुईं...
उसने पूछा, मैडम आप लिखती हैं क्या?
क्यों, ऐसा क्यों पूछ रहे हो?
मुझे लगता है आप लिखती हैं।
क्या आप लिखते हो?
हाँ, मैं एक पिक्चर की स्क्रिप्ट लिख रहा हूँ।
वाह, इसके पहले भी लिखते रहे हो?
हाँ, मराठी अखबार में मेरी कहानियाँ, लेख छपे हैं।
मैं गाड़ी के लिए एक नया पुर्जा भी बना रहा हूँ।
वाह!
मुझे बहुत सारे शौक हैं। पहले जब मन्दिर में रसोइया था (एक बड़े नामी मन्दिर का नाम बताया) तब समय कम मिलता था। जब से यह बदली का ड्राइवर बना हूँ, बहुत समय मिलता है, सोचने का, लिखने का, प्लान बनाने का।
गाँव में, रायगढ़ में मेरी काफी जमीन है। सोचता हूँ वहाँ और्गेनिक खेती शुरू करूँ। मुर्गी पालन का एक कोर्स भी किया है, सो मुर्गी पालना भी चाहता हूँ। और भी बिजनेस के बहुत सारे प्लैन हैं मेरे। आधी जमीन बेचकर दोस्तों के साथ बिजनेस शुरू करना चाहता हूँ। गाँव के लिए बहुत कुछ करना चाहता हूँ।
अच्छा है। पर नौकरी करते हुए लिखते भी रह सकते हो। नया काम जो भी शुरू करो, सोच समझकर पहले एक ही शुरू करोगे तो सफल हो सकते हो।

मैडम मेरी स्क्रिप्ट पर काम तो चालू है। उसे पूरा करके ही नया कुछ करूँगा।
यहाँ कम्पनी के अन्य ड्राइवर बहुत कॉपरेट करते हैं। मैं लिख सकूँ इसका पूरा ध्यान रखते हैं।
स्क्रिप्ट क्या साथ रखते हो?
हाँ, यहीं गाड़ी में रखता हूँ। आप देखेंगी?
हाँ, दिखाओ।
उसने एक रजिस्टर दिया और कहा कि वह स्क्रिप्ट राइटर एसोसिएशन या ऐसी ही किसी एसोसिएशन का सदस्य है।
रजिस्टर में बहुत सुन्दर अक्षरों में साफ साफ लेखन से काफी सारे पन्ने भरे हुए थे। एक और रजिस्टर में रोमन में वही कहानी लिखी हुई थी।
..... साहब देवनागरी में स्क्रिप्ट नहीं पढ़ते। उन्हें अंग्रेजी में चाहिए होती है। वे बहुत अच्छे इन्सान हैं। सबकी बहुत मदद करते हैं। कह रहे थे कि यदि स्क्रिप्ट अच्छी बनी तो वे पिक्चर भी बना सकते हैं।
आप दोनों को उस दिन प्ले देखने .... थिएटर ले गया था ना। वहाँ मेरी एक मैडम भी जाती रहती हैं। मैं उनकी गाड़ी भी चलाता हूँ। वे ..... साहब से एक्टिंग सीखती हैं। बहुत कड़क हैं ... साहब। एक मिनट की देरी भी बर्दाश्त नहीं करते। वो मैडम भी मुझे स्क्रिप्ट के लिए सुझाव देती हैं। आपको तो देखते से ही मुझे पता चल गया कि आप भी लिखती हैं। मैडम लिखती हैं ना?
नहीं, बस कभी कभार ब्लॉग लिख देती हूँ।
मुझे याद आया National Centre of the Performing Arts में वह चौकीदारों को जानता था।
मैडम, मैं आपका ब्लॉग पढ़ूँगा। कविता भी जरूर लिखती होंगी आप। आजकल कम्प्यूटर खराब है। आप अपने ब्लॉग का नाम बताइए। मैं पढ़ूँगा।

पति के संसार में कोई मुझे घुघूती बासूती नाम से नहीं जानता। उनके ही क्या, मेरी जान पहचान का भी नहीं जानता। बस मेरे परिवार वाले और एक सहेली ही जानती है। या फिर मेरे आभासी मित्र।
..... कहाँ तक पढ़े हो?
एस एस सी में फेल हो गया था। फिर पढ़ाई छोड़ दी।
मैडम, मैं अकेला हूँ ना, इसलिए बहुत काम कर सकता हूँ।
क्यों, शादी नहीं की?
की थी। तलाक हो गया है।
बच्चे?
बच्चा ही तो नहीं चाहती थी वह! उसने बच्चा गिराया था, मुझे बताए बिना! इसलिए ही तो हमारा तलाक हो गया। बस छः महीने ही साथ रहे। दस साल लग गए तलाक होने में। दो साल पहले मिला तलाक। अब मेरा शादी के ऊपर से भरोसा ही उठ गया है। अब तो मुझे समाज के लिए ही काम करना है।
इतने में पति आ गए। वह वापिस ड्राइवर के रोल में आ गया।
कुछ दूर जाने पर पति ने पूछा..
.....किसी दर्जी को जानते हो जो पैन्ट्स आल्टर करता हो?
मेरा एक दोस्त है। वह और उसकी बीबी अपने घर पर यही काम करते हैं। आप मुझे दे दीजिए। करवाकर ले आऊँगा।
मैं सोचती रह गई। मेरे आँखों के डॉक्टर के पास जाने पर वह अपने एक बूढ़े रिश्तेदार के आँखों के इलाज की बात कर रहा था। पूछ रहा था कि क्या मेरा डॉक्टर उसका इलाज करेगा? वैसे वह उन्हें चेन्नई के शंकर नेत्रालय ले जाने वाला है। उनकी बीमारी का नाम भी उसने बताया। वह किताबों की दुकानों के बारे में जानता है। जिस भी काम की बात करो उसका एक दोस्त वह काम करता होता है। वह उससे करवा देगा कहता है। वह फिल्म डायरेक्टर .... साहब की बात करता है। वह मुर्गी पालन की बात करता है, और्गेनिक फार्मिंग की बात करता है, ड्रामा निर्देशक की बात करता है, एक्टिंग सीखती अपनी मैडम की बात करता है। दर्जी भी उसका दोस्त है। उसके गाँव का मुखिया भी।
कैसा हरफनमौला है वह! मैं सदा सोचती थी कि ड्राइवर का काम एक ऐसा काम है कि व्यक्ति के पास आठ घंटे होते हैं काटने को। चाहे तो वह पढ़ाई कर सकता है। बुनाई कर सकता है, कढ़ाई कर सकता है या कोई भी काम जिसको वह बिना दूर जाए कर सके। बस कॉलेज के जमाने में अपनी एक सहेली का ड्राइवर ही देखा था जो लगातार उपन्यास पढ़ता था। और यह व्यक्ति तो उससे सौ कदम आगे निकला।
क्या सच में कभी उसकी स्क्रिप्ट पर फिल्म बनेगी? या उसका मुर्गी पालन केन्द्र, और्गेनिक फार्म या बिजनेस या फिर उसका अपना राजनैतिक दल बनेगा? हाँ, वह एक नया दल भी बनाना चाहता है।
पति को जब यह सब बताया तो वे दंग थे। अरे, इतने दिन में मुझसे तो कभी बात नहीं हुई और तुम्हें इतना कुछ अपना इतिहास और योजनाएँ भी बता दीं?
अगले दिन मैं हैदराबाद चली गई और अबकी बार जब लौट कर आई तो पति का पुराना ड्राइवर लौट आया था। ( हाँ उसने तो हमारी बिल्डिंग के ही ... माले पर रहने वाले एक राजनैतिक व्यक्ति का विजिटिंग कार्ड भी दिखाया था जिसने उस सुबह ही उससे पूछा था कि उसके लिए काम करेगा क्या वह?)
घुघूती बासूती

Thursday, May 01, 2014

मई दिवस/ अंतर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस


जो हमसे टकराएगा चूर चूर हो जाएगा।
जो हमसे टकराएगा मिट्टी में मिल जाएगा।
मजदूर एकता जिन्दाबाद।
बचपन में जब ये नारे सुनती थी तो बालमन सिहर जाता था। कारखाने की लगभग सदा शान्त कॉलोनी में बड़े बड़े पार्क होते थे जहाँ बच्चे बड़े सब आते थे। खेलते कूदते, दौड़ते भागते हम कई बार किसी ना किसी से टकरा भी जाते थे। सॉरी चाचाजी, सॉरी मासीजी कहकर वापिस खेलने लगते थे। किन्तु मई दिवस के बाद एक दो महीने टकराने से बहुत डर लगता था। हर बार जिससे टकराए उसे व अपने अचूर, बिना मिट्टी में मिले शरीर को देख राहत होती थी कि सही व्यक्ति से ही टकराए।
पिताजी या उनके मित्रों को कभी इन जलूसों में जाते नहीं देखा। किन्तु कभी कभी अपने घर या स्कूल आने वाले, मिस्त्री, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन आदि को जलूस में देखती थी और शेष दिन के शान्त चाचाजियों का वह उग्र रूप थोड़ा दहला देता था।
पूरे बचपन एक ही हड़ताल देखी। जब वह हुई तो पता चला कि दफ्तर में काम करने वाले प्रायः सभी कर्मचारी, वेजबोर्ड के अन्तर्गत आते हैं और मजदूर ही हैं। वे चाहे सफेद कमीज पहनते हों किन्तु हड़ताल होने पर वे भी काम पर नहीं जा सकते। उनके बच्चे चाहे हॉस्टल में रह इन्जीनियर बन रहे हों या पी एच डी कर रहे हों। वेतन का ३/५ वाँ हिस्सा चाहे फीस में जाता हो और अगली फीस का कोई जुगाड़ भी न हो (अंगीठी सुलगाने से भी बड़ी चिन्ता फीस ही होती थी ) तब भी उन्हें, पिताजी और उनके सहकर्मियों को घर बैठना पड़ा।
दी की सोशियोलॉजी में एम ए ( फिर पी एच डी ), बाद में स्वयं भी स्नातक स्तर में थोड़ी सोशियोलॉजी पढ़ना, दी की बुक शेल्फ में सबसे महत्वपूर्ण स्थान पाईं कार्ल मार्क्स की Das Kapital ... चार पुस्तकें, एक समय या शायद सदा उसका स्वयं को proletariat कहना, उसकी बहसें भी मुझे बचपन की उस सिहरन से मुक्त न कर पाईं और न उसके पाले में ले जा पाईं। मैं पिताजी के पाले में ही खड़ी रही। जब भी हम किसी अभाव या भेदभाव की बात करते तो वे कहते कि हर बार जब ऐसा लगे तो और भी पक्के निश्चय से आगे बढ़ो और वह सब पाने के लिए और अधिक मेहनत और लगन से पढ़ो।
हमें आगे बढ़ाने के लिए माँ और पिताजी उन्हीं पुराने कपड़ों में रहे, खाली खाली घर में रहे, कभी एक सायकिल, फ्रिज, टी वी नहीं खरीदा, बाहर खाना नहीं खाया, सिनेमा देखने, खरीददारी करने नहीं गए, कहीं घूमने नहीं गए, अपने पहाड़ भी सालों साल नहीं गए। घर का सबसे कीमती सामान पच्चीस वर्ष की नौकरी पूरा करने पर मिला रेडियो और मेरे जन्म के समय खरीदी गई सिलाई मशीन थे।
कॉलोनी के मकान में भाग्य से एक बगीचा था। पिताजी ने उसमें हर सब्जी और सब तरह के फल उगाए। कर्मचारियों के लिए बढ़िया क्लब होने पर और हर खेल खेलने की सुविधा होने पर भी वे क्लब न जाकर बगीचे में लगे रहते। उनके मित्र बैडमिन्टन, टैनिस, टेबल टैनिस नहीं तो ताश तो हर शाम खेलते। पिताजी बैडमिन्टन अच्छा खेल लेते थे, किन्तु वे क्यारी क्यारी ही खेलते रहे। उनकी जादुई उँगलियों, कड़ी मेहनत औेर अनुशासन (अपने लिए, हमारे लिए नहीं ) ने हमें हर दिन ताजी सब्जियाँ और फल उपलब्ध कराए। आज विश्वास नहीं होता कि इतनी सी धरती इतना सब उपजा सकती थी।
हर मई दिवस/ मज़दूर दिवस अपना वह गेट पर लटक कर जलूस देखना और उसे देख उत्पन्न अनुभूति याद आ जाती है।
और हाँ, पिताजी और उनका पाला भी। मैं दी की पक्की सहेली होते हुए भी आज भी पिताजी के पाले में ही स्वयं को पाती हूँ। दी, पिताजी क्या आपके उस संसार में भी पाले हैं? और क्या आज भी आप अलग अलग खड़े हैं?
( पिताजी का पक्की नौकरी वाला सुरक्षित संसार था और जानती समझती हूँ कि वैसा संसार, वातावरण सबको नहीं मिलता और न मिलता था। आज वैसी कम ही नौकरियाँ हैं और न वैसे सद्भावपूर्ण एम्प्लॉइअर और न पिताजी जैसे लोग। ये उद्गार आज के कम बचपन में उपजे अधिक हैं। बचपन, पिताजी व दी की यादें भी समेटें हैं। पिताजी होते तो शतक पूरा करने ही वाले होते और दी अपने जीवन के ६४ वर्ष। आप दोनों अजब बहानों से याद आते हो।
असहमत मित्रों के विचारों का सम्मान करती हूँ। इस लेख के द्वारा किसी के विचारों, धारणाओं को ठेस नहीं पहुँचाना चाहती। )
घुघूती बासूती

Friday, October 12, 2012

खाप छाप नुस्खा


सुना है हरियाणा में लड़कियों को बलात्कार से बचाने का एक नुस्खा खाप व चौटाला जी के हाथ लग गया है। यदि लड़कियों की शादी जल्दी जैसे पन्द्रह वर्ष में कर दी जाए तो सम्भावित बलात्कारी को बलात्कार करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। (या कहिए घर से बाहर बलात्कार करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी, यह सुविधा घर पर ही उपलब्ध होगी।)

इस उपाय से कई तात्कालिक लाभ होंगे व कई सामाजिक समस्याएँ जैसे सम्भावित बलात्कारी को तृप्त रखने की, हर पुरुष को एक पत्नी या बलात्कार के लिए खिलौना उपलब्ध कराने की समस्या का समाधान हो जाएगा। २५, ३०, ४० या ५० किसी भी उम्र के अविवाहित पुरुष के लिए १५ से लेकर २५, ३० सभी उम्र की अविवाहित लड़कियाँ व स्त्रियाँ उपलब्ध हो जाने से शादी के लिए लड़की/ स्त्री की उपलब्धता बढ़ेगी और लिंग अनुपात जो ८७७ है और ० से ६ वर्ष की आयु में घटकर ८२६ है व जिसके कारण पुरुष अविवाहित रहने को अभिशप्त हैं, उसका भी कुछ समाधान हो जाएगा। कल जब और कम लड़कियाँ उपलब्ध होंगी तो विवाह की उम्र और घटाई जा सकती है फिर और, और, और अन्त में बहु पति प्रथा को अपनाया जा सकता है। हमारे बालकों, युवकों, किसी भी उम्र के पुरुषों को अतृप्त तो नहीं रखा जा सकता ना!

चौटाला जी, मुगल काल में बेटियों की इज्जत बचाने को उनका न केवल विवाह कर दिया जाता था अपितु बहुधा लड़कियों की जन्म के समय ही हत्या कर दी जाती थी।बेटी की हत्या करने वाले के लिए एक नाम भी था कुड़ीमार(कुड़ी = कन्या )! यह राह तो अब का समाज और भी बेहतर तरह से, जन्म से पहले ही हत्या करके, अपना रहा है। जिस देश के नागरिक अपने समाज की स्त्रियों, बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अपने आप को उत्तरदायी न मानकर, बलात्कारियों को सजा देने व समाज में घृणा से देखने की बजाए स्त्रियों, बालिकाओं को ही बालिका विवाह की सजा देना चाहते हैं उस देश, प्रान्त, समाज को लज्जा से डूब मरना चाहिए।

किन्तु भाई बहन लोगो, पुरुषों, बालकों पर कोई नियन्त्रण रखने की आवश्यकता नहीं है। बॉयज़ विल बी बॉयज़! उन्हें तृप्त रखने के सब साधन उपलब्ध कराओ। वे साधन जीती जागती स्त्रियाँ, बालिकाएँ हो सकती हैं। लड़कियों को ढका जा सकता है, उन्हें घरों में बन्द किया जा सकता है, स्वात घाटी में जाकर कुछ पाठ पढ़े जा सकते हैं। अपराधियों को जल्दी सजा दिलाने की आवश्यकता नहीं है।

जिस लिंग अनुपात की बात की जा रही है वह सच में भयावह है और वह आधुनिक मानसिकता का नहीं, हमारी सदियों पुरानी मानसिकता को कन्या हत्या के सस्ते, सरल, सुरक्षित आधुनिक साधन मिल जाने की देन है। हरियाणा (और उसके आस पास के राज्यों का) का समाज नई व पुरानी संस्कृति का, स्त्रियों के लिए एक घातक मिश्रण है। इस लिंग अनुपात के गड़बड़ाने से पहले भी हरियाणा स्त्री के लिए सदा असुरक्षित क्षेत्र रहा है। होश सम्भालने के साथ ही मैंने यह जाना कि यहाँ अपने को बचाना एक प्रतिदिन का युद्ध है, जरा सी भी चूक हुई और आप शिकार बन जाएँगी, बलात्कार का नहीं तो नोंचने, छूने, धक्का ही मार देने का, भद्दी टिप्पणियों का। सड़क पर  साठ व सत्तर के दशक में  सूर्यास्त के बाद लड़कियों का घर से बाहर निकलना खतरनाक हुआ करता था, अपने माता पिता के साथ भी। भाई के साथ बाहर जाना भाई की शामत लाने के समान होता था।

न जाने क्यों हम, हम सबके सब, सच्चाई से इतना कतराते हैं? क्यों नहीं हम स्वीकारते कि समस्या है और समस्या होने पर पीड़िता को सत्रहवीं शताब्दी में धकेलने की बजाए अपराधी को पकड़ कर सजा देते, जल्दी से जल्दी सजा देते ताकि समाज में यह संदेश जाए कि अपराध करोगे तो फिर उस अपराध की सजा भी पाओगे।

वैसे इस देश में स्त्रियों के साथ कोई भी अत्याचार हो तो हम कह सकते हैं कि बच्चा लोग मेरे पीछे पीछे बोलो....

यत्र नार्यस्तु पूज्यते, रमन्ते तत्र.... ब्लाह ब्लाह ब्लाह!

घुघूती बासूती


Thursday, September 13, 2012

निजी कुछ भी नहीं?................. घुघूती बासूती

मेरी पिछली पोस्ट आखिरी पड़ाव में मैंने एक वृद्धा का जिक्र किया था जो बेहोशी व बदहाली की हालत में अपने घर में पाई गईं थीं। समाचार पत्र में इस खबर में उनका नाम, उनके घर का पता और उनके घर में कितना रुपया व कितना सोना, बैंक में उनके पास कितना पैसा है विस्तार में बताया गया था। देखिए Cops break into flat to save 73-year-old, find Rs. 7 lakh in cash में ये पंक्तियाँ.......

Around 4 pm Thursday, Inspector Sunil Kalvutkar and his team from Goregaon (W) Police Station forced their way into flat number 54 at Piramal Nagar, near Goregaon Railway Station.

An inspection of her apartment threw in more surprises. The police found Rs 7 lakh in cash, stashed in a bag that was kept under the bed. They also found saving scheme certificates worth Rs 2 lakh, and bank statements that showed Rs 72 lakh in savings.

The woman, who is recuperating at Bhagwati Hospital in Borivali, has been identified as Ishwari Jethwani, aged 73. Neighbours said she has been a recluse for the past 14 years, after her retirement from the Worli Dairy.


प्रायः जब कोई व्यक्ति किसी अपराध के शक में पकड़ा जाता है तो समाचार पत्रों में उसके जीवन की अन्तरंग बातें लिख दी जाती हैं। मैं आश्चर्य करती हूँ कि क्या व्यक्ति की कोई भी बात निजी नहीं होती? या अपराध करने की एक सजा यह भी है कि अब आपके जीवन की हर बात उघाड़कर चौराहे पर रख दी जाती है। किन्तु यदि व्यक्ति निरपराध सिद्ध हुआ तो? क्या तब हम उसके जीवन की निजी बातों को फिर से समेटकर पोटली में बाँध, संजोकर उसके घर या मस्तिष्क में रख आएँगे?

किन्तु इस वृद्धा का क्या? उन्होंने कोई रिश्वत न ली थी, चोरी नहीं की थी, बस कंजूसी की थी, क्योंकि वह बेहोश पड़ी थी, इसलिए उसके जीवन को हमने सार्वजनिक कर दिया? उसके घर की सफाई या सफाई की कमी, उसके ऊपर चलते कीड़े मकोड़े, गंदगी, सब लोगों को बता दीं।

चलिए माना भारत में कुछ निजी नहीं है। किन्तु उसे सुरक्षित रहने का तो अधिकार होगा? अब जब उसके घर में पड़े पैसों, गहनों की चर्चा हो गई, उसके पास बैंक में कितना पड़ा है, पैन्शन कितनी आती है भी सार्वजनिक हो गई( इस समाचार पत्र के दूसरे दिन के एडिशन व अन्य समाचार पत्रों में ९ चूड़ियों, लगभग १५००० रुपए की पैन्शन की बात की गई है। ) तो अब किसी लुटेरे या लालची सम्बन्धी को उसे लूटने का खुला निमन्त्रण नहीं दे दिया गया?

यदि वह वृद्धाश्रम में जाने को तैयार हो जाती है तो ठीक किन्तु यदि वह अपने ही घर में रहना चाहे? यदि उसे सहायक की आवश्यकता समझ आ गई हो और वह सहायक रखकर अपने घर में रहना चाहे तो? उसकी सम्पत्ति का पूरा ब्यौरा समाचार पत्रों में निकलने के बाद क्या वह सुरक्षित होगी?

सोचिए, यह मेरा, आपका किसी का भी भविष्य हो सकता है, विशेषकर वृद्ध स्त्रियों का।

घुघूती बासूती

पुनश्चः
पति पत्नी की आयु में प्रायः अन्तर रहता है। उसपर स्त्रियों का अनुमानित जीवन-काल अधिक लम्बा, लगभग पाँच वर्ष अधिक होता है। सो यदि पति ८० में गुजरता है और पत्नी ७५ की है तो औसतन उसे ८५ की उम्र तक याने १० वर्ष अकेले जीना होगा।

घुघूती बासूती


Sunday, September 09, 2012

आखिरी पड़ाव


मुम्बई की एक खबर है जो कई समाचार पत्रों में आई है। इस खबर के अनुसार एक ७३ वर्षीय स्त्री के पड़ोसियों ने पुलिस से शिकायत की कि वृद्धा के फ्लैट से दुर्गन्ध आ रही है व वह कई दिन से देखी नहीं गई है। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अन्दर गई तो बेहोश  वृद्धा एक टूटी खाट पर पड़ी थी। उसके ऊपर कीड़े मकोड़े चल रहे थे। लगता था कि जमाने से घर की सफाई नहीं हुई थी।

वृद्धा को हस्पताल पहुँचाया गया। उनकी स्थिति देख कोई भी सहज ही सोचेगा कि वे गरीबी की मारी हुई थीं। किन्तु नहीं, उनकी खाट के नीचे से मिले एक बैग में ७ लाख रुपए पड़े थे। २ लाख के सेविंग सर्टिफिकेट थे। ९ सोने की चूड़ियाँ, एक चेन आदि भी थीं। बैंक में ७२ लाख रुपया पड़ा था। लाखों रुपए के शेयर सर्टिफिकेट घर पर पड़े थे। वह पहले एक डेयरी में काम करती थी और अब रिटायर होने के बाद उसे लगभग १५००० रुपए की पैन्शन हर महीने मिलती थी।

इससे पहले कि हम झटपट उसके बच्चों या परिवार को उसकी इस हालत का उत्तरदायी ठहराएँ, यह भी जान लें कि उसने विवाह नहीं किया था। पहले वह अपने तीन भाई बहनों के साथ यहीं रहती थी और वे सब एक दूसरे का ध्यान रखते थे। किन्तु उनके गुजर जाने के बाद वह अकेली रह गई और उसने किसी पर भी विश्वास करना बन्द कर दिया।

उसने कोई कामवाली भी नहीं रखी थी। वह किसी पड़ोसी से बातचीत नहीं करती थी। उसने अपने दूर के रिश्तेदारों से बभी मिलना बन्द कर दिया था।

बहुत से अकेले रहने वाले वृद्धों की यह स्थिति हो जाती है। दो तीन साल पहले भी एक वृद्ध की खबर समाचार पत्रों में पढ़ी थी। वह भी अकेला रहता था। विवाह नहीं किया था व भाई, बहनों से कभी सम्पर्क नहीं रखा था। जब उसकी तबीयत खराब रहने लगी तो अचानक एक भय ने उसे जकड़ लिया कि किसी दिन वह यूँ ही अकेला फ्लैट में मर जाएगा और उसका शव सड़ता रहेगा। बस फिर क्या था अच्छा खासा फ्लैट होने पर भी उसने घर छोड़ सड़क पर डेरा डाल दिया। किसी पड़ोसी ने उसको हस्पताल पहुँचाया और उसके भाई आदि का पता लगाया। किन्तु भाई उससे भी वृद्ध था और वह बोला कि मैं अपना ही ध्यान नहीं रख पाता तो उसका कैसे रखूँगा? कैसे अपने बच्चों से अपेक्षा करूँ कि वह मेरा, मेरी पत्नी का और उसका ध्यान रखें। घर छोड़ने के बाद से उसने परिवार से कभी कोई सम्पर्क या सम्बन्ध नहीं रखा सो अब हम उसका ध्यान क्यों रखें?

वृद्धावस्था में यदि अपनी सन्तान न हो, या वह दूर रहती हो या वह उत्तरदायित्व न लेना चाहे तो प्रायः वृद्धों की स्थिति खराब हो जाती है। बहुत बार हम उनके सम्बन्धियों को दोष भी नहीं दे सकते। हर परिवार में ऐसे वृद्ध सदस्य या सम्बन्धी पाए जा सकते हैं जो हर किसी पर शक करते हैं। कोई भी उनके घर आए या खोज खबर ले तो वे चिन्तित हो जाते हैं कि इसकी नजर मेरी सम्पत्ति पर है। ऐसे में स्नेही स्वजन भी दूर रहना पसन्द करने लगते हैं।

ऐसे ही एक परिवार में वृद्ध पत्नी को पति के हर रिश्तेदार पर शक होता था कि वे उनका पैसा हड़पना चाहते हैं। एक भतीजे पर शक है यह वह दूसरे भतीजे या उसकी पत्नी से कहती दूसरे पर शक है यह पहले से कहती। जब तक उनके पति जीवित रहे भतीजे व उनके परिवार वाले आते रहे, देखभाल भी करते रहे। किन्तु जब वे गुजर गए तो सबने जाना छोड़ दिया कि वे तो हमपर शक करती हैं सो बुरा भला सुनने को क्यों जाएँ। जिनपर उन्हें विश्वास हो वे ही जाएँ।

यह भी सच है कि बहुधा कुछ रिश्तेदारों की नजर अमीर वृद्ध के पैसे पर हो सकती है। यदि समय रहते ही, याने बहुत अधिक बूढ़े, कमजोर व निर्णय लेने की क्षमता खोने से पहले ही वृद्ध अपने भविष्य के बारे में निर्णय ले लें, उसे सुरक्षित व्यवस्थित कर लें कि जब हाथ पैर नहीं चलेंगे तो जीवन कहाँ व कैसे गुजारना है, मरने के बाद अपनी सम्पत्ति किसके नाम करनी है या कहाँ दान करनी है, तो उनका जीवन काफी बेहतर हो सकता है।

बुढ़ापा जीवन का सबसे लम्बा काल खँड हो सकता है। प्रायः इसे काटना कठिन हो सकता है। यदि स्वतन्त्र रह जीवन गुजारना हो तो बुढ़ापे को हम कुछ हिस्सों में बाँट सकते हैं (वैसे यह हर व्यक्ति के स्वास्थ्य के अनुसार जल्दी या देर से आएगा) ....

१. सबसे पहले सेवा निवृत्ति के एकदम बाद का समय जो लगभग साठ वर्ष से शुरू होता है। प्रायः शरीर व मस्तिष्क ठीक व स्वस्थ होते हैं। यदि लगे कि इतना पैसा नहीं जमा हुआ कि लम्बा बुढ़ापा आराम से कटे तो नौकरी या अंशकालिक नौकरी कुछ वर्ष और की जा सकती है। वैसे नौकरी करते रहने या फिर किसी और व्यस्तता को अपनाने से स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।

इस समय वे अपने ही घर में आराम से रह सकते हैं। किसी सहायक, कुक आदि की सहायता ले सकते हैं। किन्तु अपनी आवश्यकताओं व जीवन को थोड़ा संकुचित भी करना चाहिए ताकि जीवन सरल व सहज बन सके। आगे के जीवन की योजना भी अभी ही बना लेनी चाहिए।


यह निर्णय भी कर लेना चाहिए कि मृत्यु के बाद शरीर के अंग दान देने हैं या नहीं। यदि अधिक बीमार हो गए तो क्या मशीनों की सहायता से जीवित रहना है या नहीं। ये सब बातें लिविंग विल में लिखी जा सकती हैं। इस विषय पर फिर कभी चर्चा करेंगे।



२. ६५‍ या ७० के आसपास की उम्र.... अकेले रहना कठिन हो जाता है किसी अपने के सहारे की आवश्यकता पड़ती है ताकि आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर के पास ले जा सके, समय समय पर आपकी सहायता कर सके।

इस समय यदि बच्चे हों तो उनके घर के पास ही एक छोटा व आरामदेह मकान खरीदना चाहिए। ताकि वे समय असमय आपकी सहायता कर सकें व आप उनके बच्चों के साथ भी समय गुजार सकें।

किसी सहायक, कुक आदि की सहायता आवश्यक हो जाती है। बच्चे या मित्र सम्बन्धी बीच बीच में आकर आपको सुरक्षा का आभास दिला सकते हैं।

अपनी आवश्यकताओं को और अधिक सुकोड़ना होगा। सामान कम करना होगा। जीवन और सरल बनाना होगा।

३. ७० के बाद... अब अकेला रहना बहुत कठिन हो जाता है। अपने ऊपर कोई उत्तरदायित्व जैसे खरीददारी, कामवाली से काम करवाने, घर चलाने आदि का उत्तरदायित्व लेना थका देता है। इस समय किसी पहले से ही ढूँढे रिटायरमेन्ट होम चले जाना बेहतर हो सकता है। जहाँ आपकी हर आवश्यकता का ध्यान रखा जाता है। होटल की तरह आपके कमरे की सफाई, कपड़ों की धुलाई, खाने का प्रबन्ध हो जाता है। आप बस अन्य वृद्धों के साथ खेलें, गप्पे मारें, पुस्तकें पढ़ें या जो मन आए करें। यहाँ डॉक्टर , हस्पताल ले जाने, एम्ब्युलेंस आदि का प्रबन्ध रहता है।

आपका परिवार आपसे मिलने आ सकता है या आप उनसे मिलने जा सकते हैं।

४. जीवन का आखिरी पड़ाव। विस्मृति, गिरता स्वास्थ्य, पार्किन्सन्स या अन्य रोग या फिर सीधा सादा बुढ़ापा जब आप अपना ही उत्तरदायित्व नहीं ले पाते। किन्तु यदि आपने समय रहते ही इस स्थिति का भी प्रबन्ध कर रखा है तो कोई समस्या नहीं। रिटायरमेंट होम में ही असिस्टेड लिविंग का भी प्रबन्ध होता है। यहाँ दिन रात आपके पास एक सहायक रहेगा जो आपकी हर आवश्यकता जैसे भोजन खिलाना, स्नान, शौच आदि में आपकी सहायता करेगा।

आपका परिवार आपसे मिलने आ सकता है। यह देख सकता है कि आपकी देखभाल ठीक से हो रही है।

अभी ऐसे रिटायरमेंट होम्स की संख्या काफी कम है किन्तु जैसे जैसे लोग आत्मनिर्भर हो, एकल परिवार में विश्वास कर, बच्चों से अलग अपना जीवन जीने में विश्वास करने लगेंगे इनकी संख्या बढ़ती जाएगी।

वैसे भी जिनका अपना कोई न हो उनके लिए भी ये रिटायरमेंट होम्स  वरदान साबित हो सकते हैं।

यदि खबर वाली महिला ने भी समय रहते ऐसा कुछ जुगाड़ किया होता तो आज वह इतने पैसे होने पर भी ऐसा दयनीय जीवन जीने को बाध्य न रह पाती। अपनी पैन्शन व जमापूँजी के ब्याज से वह एक साफ सुथरी आरामदेह जीवन का जुगाड़ तो कर ही लेतीं।

पुनश्चः जो संयुक्त परिवारों में खुशी खुशी बिना किसी को कष्ट दिए एक दूसरे के काम आ, अपने बच्चों, नातियों, पोतियों, पोते आदि के साथ उनका ध्यान रखते हुए अपना रखवाते हुए रह रहे हों उन्हें कोई समस्या नहीं किन्तु उन्हें भी प्लैन बी के रूप में ऊपर दिए सुझाव व ऐसे रिटायरमेन्ट होम्स का पता रखना चाहिए।

वैसे कई बार सभी तैयारियाँ करने पर भी कुछ ऐसा हो जाता है कि सारी योजनाएँ धरी रह जाती हैं।

घुघूती बासूती