Showing posts with label कचरा. Show all posts
Showing posts with label कचरा. Show all posts

Thursday, October 30, 2014

गुब्बारे

कल शाम जब तन्वी (मेरी पौने दो साल की नतिनी) को लेकर सोसायटी में घूमने निकली तो एक अन्य ब्लॉक में कोई ऊपर की दसवीं मंजिल या उससे भी ऊपर से गुब्बारे नीचे फेंक रहा था, तीन या अधिक गुब्बारों के गुच्छे। शायद ये किसी जन्मदिन पर सजे गुब्बारे थे। तन्वी बहुत आकर्षित हुई। उसका भी मन गुब्बारे लेने का हो रहा था। मैं उसे केवल देखने से ही खुश होने को कह रही थी। मैं उसे समझा पाई कि ये गुब्बारे उसके नहीं हैं अतः वे उन्हें ले नहीं सकती, उन्हें देख सकती है, उनका पीछा कर सकती है। जब उससे पूछा कि क्या ये गुब्बारे मम्मा/  पापा/ नानू/ बाबा ने खरीदे तो उसने कहा नहीं। और समझ गई कि वे उसके नहीं हैं। वहीं पर कुछ बच्चे और उनकी माताओं का समूह खड़ा था। बच्चे तो गुब्बारे लपक ही रहे थे।
एक स्त्री ने अपने बच्चे को बाँह भर गुब्बारे पकड़ाने के बाद उन पर पैर रख रखकर उन्हें फोड़ना शुरु किया। तन्वी उनको फूटता देख दुखी हो नहीं नहीं कहती रह गई। एक बार फिर तन्वी को समझाना पड़ा कि ये गुब्बारे तो उसके हैं ही नहीं तो उनके फूटने पर उसे दुखी नहीं होना चाहिए। वह कह रही थी कि नानू आँटी को रोको। फिर उसे बताया कि यदि ये गुब्बारे उसके होते तो नानू किसी भी आँटी को इन्हें फोड़ने नहीं देती।
फूटे गुब्बारों के अवशेषों ने सारी साफ़ सुथरी सड़क गंदी कर दी थी। तन्वी कचरे का एक तिनका भी देखती है तो उसे कूड़ेदान के हवाले करती है। इतना सारा कचरा देख भी वह परेशान हो गई। नानू, आँटी से कहो कि गुब्बारे डक में डालें। वहीं पास में डोनाल्ड डक वाला आकर्षक कूड़ेदान था।
एक बार फिर समझाना पड़ा कि मैंने तो उसके खाए केले का छिलका डक में डाल दिया है। एक दो फूटे गुब्बारे होते तो नानू उन्हें उठाकर डक में डाल देती ये तो बहुत सारे हैं और अब तो बहुत सारे बच्चे भी गुब्बारे फोड़ रहे हैं सो हम अभी उन्हें उठा नहीं सकते, बाद में उठाएँगे।
मैं उसकी ट्रायसायकल को पीछे से धक्का भी दे रही थी। शाम हो गई थी सो मच्छर समूह भी अपने काटने के कार्यक्रम में जोर शोर से लगे हुए थे। गति रोकने का अर्थ  उन्हें रक्तदान करना था। तन्वी तो अपने पूरे ढके शरीर व मच्छरों को भगाने वाले रिस्ट बैन्ड्स के कारण काफी सुरक्षित थी। सोच रही थी कि यदि मैं एक एक फूटा गुब्बारा उठाकर डक में डालना शुरू करूँ तो क्या इन लोगों को कुछ शर्म आएगी।
गुब्बारे फोड़े जाते रहे। और हम आगे निकल गए। दो तीन चक्कर लगाने तक तो यह कार्यक्रम जारी रहा। चौथे चक्कर तक गुब्बारे खत्म हो गए थे और सोसायटी का शाम को घूम घूम कर कचरा उठाने वाला सफाईकर्मी सारे फूटे गुब्बारे उठाकर सड़क साफ कर चुका था।
भारत में सफाई रखने का एक ही तरीका है कोई दिन रात हम कचरा फैलाने वालों के पीछे पीछे घूम घूमकर कचरा एकत्रित करता रहे। मोदी जी, सुन रहे हैं न आप! यहाँ आपके झाड़ू अभियान पर हँसने वाले अधिक हैं अपना फैलाया कचरा उठाने वाले बहुत कम और दूसरों का फैलाया कचरा उठाने वाले और भी कम।
वैसे हमारी सोसायटी में कुछ वृद्ध मोदी जी के सफाई अधियान से जुड़े हुए हैं और बेसमेन्ट तक की सफाई का ध्यान रखते हैं। किन्तु गन्दगी के पुजारियों के लिए वे कभी भी काफी नहीं हो सकते।
घुघूती बासूती

Friday, June 13, 2014

सागर किनारे



कल लहरों से पास से मिलना नहीं हुआ तो आज सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक की चिलचिलाती धूप में ही मिल आई।
घर में पेस्ट कन्ट्रोल वाला आकर छिड़काव करके गया था। घर के ठीक सामने सड़क पार एक बहुत सुन्दर पार्क है किन्तु उस समय वह बन्द रहता है। सो सड़क पार करके पाँच मिनट चलकर वर्ली सी फेस के सामने ख़ान अब्दुल गफ़ार ख़ान रोड पर पहुँच गई। सी फेस पर धूप थी, सो सड़क के इस पार ही एक और पार्क है उसके सामने प्याऊ है, टाइल्स लगीं हैं, ऊँचा प्लैटफॉर्म है, उस पर अपना झोला बिछा, बैठकर, लहरों का कभी धरती से मिलने तो कभी आकाश से मिलने का उतावलापन देखती रही। समुद्र का कुछ हिस्सा तो सारे बन्धन तोड़ उड़ उड़ कर सड़क पर ही आ रहा था। बान्द्रा वर्ली सी लिंक को छूने को मचलता और छूकर लौट जाता और फिर आकर उसे छू जाता।
कल पूर्णिमा थी। सो आज भी सागर का पागलपन अपने उफान पर था। वर्ली, दादर और मरीन ड्राइव पर वह जगह जगह अपनी सीमा तोड़ शहर की सड़कों पर घुस आया था। दो घंटा सड़क के इस पार बैठ जब यहाँ भी धूप आ गई तो समुद्र के पास ही चली गई। उसे देख समझ आया कि वह धरती से मिलने को उतावला नहीं हो रहा। वह तो हमारा फेंका कचरा हमें लौटाने आ रहा था। शहर के भीतर सड़कों पर घुस उन दुस्साहसियों को ढूँढ रहा था जिसने उसके जल को कचरे भरे दुर्गन्धित सूप में परिवर्तित कर दिया था।
मुझे सागर के लिए बहुत बुरा लगा। यदि नदी माँ हो सकती है तो सागर पिता क्यों नहीं? आखिर वह ही तो हमें और हमारी नदियों को जल, पहाड़ों को हिम देता है। वह तो शायद माँ और पिता दोनों ही है। किनारे आते पानी में हजारों रंग बिरंगे पॉलीथीन व कचरे के टुकड़े वैसे ही तैर रहे थे जैसे किसी बढ़िया सूप में रंग बिरंगी सब्जियों, चीज़ व क्रुटोन्स के टुकड़े। बस सुगन्ध की जगह वह दुर्गन्ध बिखेर रहा था। सही था, हम सूप में लहसुन डालेंगे तो वह उस सा महकेगा, माँस, मछली या मुर्गा तो उन सा। यदि उसमें सुगन्धित दालचीनी, लवंग और इलायची डालेंगे तो उन जैसा महकेगा।
काफी देर मैं अपने मोबाइल से ही फोटो खींचती रही। तेज धूप के चलते स्क्रीन केवल काला नजर आ रहा था। क्या खींचा पता नहीं। मैं बचने की कोशिश करती रही पर बीच बीच में वह मुझपर भी जलकण बरसाता रहा। खुशी की जगह बस यही खयाल आता रहा घर जाकर दोबारा स्नान करना होगा। किन्तु बेचारा समुद्र! वह कैसे हमसे व हमारी गंदगी से बच सकता है! इतना जल होने पर भी दोबारा स्नान कर स्वच्छ नहीं हो सकता। अपने व अपने समाज, मनुष्यों पर गुस्सा भी आता रहा। तीन नाले तो हम सबका मलमूत्र लेकर सीफेस पर ही खुलते हैं। यह तो समृद्ध, एम एल ए, एम पी, पूर्व मुख्यमंत्री के निवास वाले क्षेत्र का हाल है। साफ सुथरा चमचमाता सीफेस! किन्तु सारा कचरा समुद्र के हिस्से आता है।

कई बार जब ताजा हवा में घूमते हुए भी मुझे इन नालों के मिलन वाली जगहों पर नाक पर रुमाल रखना पड़ता है तो अपने आप व अपनी मनुष्य जाति पर खीझ उठती है। सोचती हूँ प्रकृति इतनी सहिष्णु न होकर यदि पहली गलती पर ही दो थप्पड़ जमा देती तो हम इतना ना बिगड़ते। चाहने से दस राह निकल आती हैं। हम भी समुद्र को कचरा समर्पित करने की बजाए कोई और राह ढूँढ ही लेते। अभी भी बहुत देर नहीं हुई है आओ सागर दो चार थप्पड़ हमारे गाल पर जमा जाओ। फिर भी न मानें तो दो लात जमा जाओ। इसके बिन तुम्हारा और हमारा उद्धार नहीं।
घुघूती बासूती

आज की तो नहीं लगभग तीन साल पहले की कुछ वर्ली सीफेस की फोटो यहाँ लगाईं हैं।
घुघूती बासूती

Wednesday, August 08, 2012

कचरा


हम सब चाहते हैं कि हमारी सड़कें, हमारे शहर साफ सुथरें हों, कि हमें हर समय यह परेशानी न हो कि सामने देखें या नीचे जहाँ कचरा, विष्ठा, खुले मैनहोल, नालियाँ, गड्ढे आदि हों। हर मोड़ पर, हर कुछ दूरी पर कचरापेटियों के बाहर कचरा न बिखरा पड़ा हो और हमें नाक पर रुमाल रखकर न चलना पड़े। अपने शहर, गाँवों व देश का हाल देखकर हमें अपनी ही नजरों में न गिरना पड़े।

सरकारें, नगरपालिकाएँ बड़े बड़े पुल, सड़के बनवा सकती हैं, समुद्र के ऊपर पुल बना हमारा रास्ता छोटा कर सकती हैं, संसार को बता सकती हैं कि देखो हम भी विकास की दौड़ में आगे आ रहे हैं। किन्तु यदि हम इन सबपर कचरा बिखेरते रहेंगे तो संसार की कोई भी सरकार या नगरपालिका उसे साफ नहीं रख सकतीं। गंदगी के बीच हमारा सिर झुका ही रहेगा।

हम देखते हैं कि कचरा बीनने वाले स्त्री पुरुष व बच्चे, कचरे के डब्बों से रीसायकलेबल कचरा बीनकर ले जाते हैं। किन्तु ऐसा करने के लिए यदि डब्बा ठीक ठाक आकार का हुआ तो उसके भीतर हाथ डालकर या उसे पलटकर काम का कचरा निकालते हैं। यदि बहुत बड़ा हुआ तो स्वयं उसके भीतर घुस जाते हैं। फिर यदि आपके पास समय है तो देखिए क्या होता है। वे हमारा फेंका हुआ कचरा पॉलीथीन के थैलों से बाहर निकालते हैं, थैले को अपनी बड़ी सी बोरी में डालते हैं। थैली से बाहर निकाल फैलाए हुए कचरे में से अपने काम का कचरा चुनते हैं। एक और बड़ी सी काली थैली जो हम अपने घर के डस्टबिन में लगाते हैं ताकि हमारा डस्टबिन गन्दा न हो जाए बाहर निकालते हैं, उसमें से मेरे या आपके घर का कचरा बाहर निकालते हैं, हमारे द्वारा फेंके हुए चिप्स, नमकीन, या दाल चावल या फिर सब्जी, मटर, पनीर, मक्खन, दूध के पैकेट वे अपने हाथों से, जो सात आठ वर्ष के पतले, मैले, नन्हे हाथ भी हो सकते हैं, बीनकर अपनी बोरी में डाल लेते हैं। वे हमारे घरों से बहुत अच्छे से पॉलीथीन में पैक किए गए मासिक श्राव के पैड की थैली भी संभाल लेते हैं और हमारे बच्चों के मलमूत्र से भरे डिस्पोजेबल डायपर्स की थैलियाँ भी।

आजकल एक विज्ञापन आता है 'डर्टी हैबिट' वाला। रुमाल से नाक मुँह पोछना 'डर्टी हैबिट' है जिसके चलते वर ठुकराया जाता है, सड़क चलता अंकल छोटे बच्चों द्वारा रोक कर टोका जाता है। किन्तु इस 'डर्टी हैबिट' को छोड़कर जिन अलग अलग सुदृढ़ टिशू से नाक अलग से, आँख अलग से व मुँह अलग से पोछा जाएगा वे जाएँगे कहाँ? इन्हीं कचरा उठाने वालों द्वारा समेटकर उनकी बोरी में? क्या कोई इन मानवों को भी बताएगा कि यह गन्दगी को खन्गालने, उसमें बहुमूल्य निधि ढूँढने, सम्भालने, उसके लिए अपने डस्टबिन पर अतिक्रमण करने वाले से झगड़ा करना आदि 'डर्टी हैबिट्स' हैं? और इन  'डर्टी हैबिट्स' से हमारे संसार को साफ रखना, हमारा कचरा आधे से भी अधिक रीसायकल करना, उससे अपनी आजीविका कमाना और रीसायकल करने में लगे गोदाम मालिकों, कारखाना मालिकों, मजदूरों को आजीविका प्रदान करना व उनसे फिर फिर बने सस्ते सामान व उनके उपयोग करने वालों को सस्ते दामों में सामान उपलब्ध कराना भी क्या 'डर्टी हैबिट्स' हैं?

क्या हम पल भर को भी सोचते हैं कि वे सब वस्तुएँ जो हमारे जीवन को और व और अधिक आरामदेह बनाती हैं वे कहाँ से आती हैं और उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है कि कहाँ जाती हैं?

किसी जमाने में हम अलग अलग थैले या कनस्टर या डब्बे लेकर अपने घर का सामान लाते थे। गेहूँ लाते थे, उसे चुनते थे और फिर डब्बे में डाल पिसवाने ले जाते थे। यदि हमें ले जाने में शर्म आती थी तो किसी सहायक या सहायिका के हाथ चुनवाते व पिसवाने भेजते थे। बदले में उन्हें पैसे देते थे। तेल लेने जाते तो या तो तेल का डब्बा, पीपा साथ ले जाते या फिर डब्बे, कनस्टर में पैक्ड खरीदते। सब सामान या तो कागज की पुड़िया में आता या फिर कागज के थैलों में। घर आते ही हमें उन्हें अपने डब्बों में सहेजना पड़ता।

आज आटा, चावल, साबुन, तेल, दाल, नमकीनें सबकुछ बढ़िया पॉलीथीन की थैलियों में, कई बार तो ज़िप लॉक वाली थैलियों में आती हैं। दही प्लास्टिक के डब्बों में, दूध थैलियों में या फिर कार्टन्स में ताकि हम बिना उबाले बस कप में उड़ेलें और पी लें। हर वस्तु 'उपयोग करो और फेंको' के सरल मन्त्र के साथ परोसी जाती है। बस पैसा फेंको तमाशा देखो। और पैसा न हो तो?

तो.....
तो हमारे फेंके में से अपने काम का चुनो, सहेजो, बेचो, कमाओ, खाओ।

मैं न समतावादी हूँ, न समाजवादी। यदि हम शुद्ध स्वार्थ के दर्शन पर भी काम करें तो भी हम गलत हैं। हमारा स्वार्थ है कि हमारी गलियाँ, सड़कें, नगर साफ रहें। गन्दगी फैलती है कूड़े से। कूड़ा वह है जो हम अपने घर से उठाकर बाहर चाहे पैकेट में अच्छे से छिपा, लपेटकर ही बाहर की कचरापेटी में डालते हैं। यदि कचरा बीनने वाले न होते तो नगरपालिका को और अधिक कचरा उठाना पड़ता, और अधिक ट्रक लगते, और अधिक सफाई कर्मचारी, डीज़ल चाहिए होते, अधिक खर्चा होता। हमारे शहरों के कचरा डम्पिंग ग्राउन्ड्स और भी जल्दी भर जाते, वे और भी ऊँचे पहाड़ बन जाते। नई जमीन ली जाती, और खर्चा होता और सड़ान्ध होती।

यदि कचरा बीनने वाले होंगे तो कचरा कम हो जाएगा। किन्तु उनसे अमानवीय काम करते हुए यह क्यों अपेक्षा की जाए कि वे ध्यान से हमारे कचरे में हाथ डालें किन्तु उसे उड़ाए, बिखारें, फैलाएँ नहीं। अपने काम का ले लें और शेष कचरे को अच्छे से वापिस कचरापेटियों में पैक कर दें। क्या यह अपेक्षा करना सही है? एक कुत्ता भी अपने काम से निपट अपनी ही गन्दगी से दूर भागता है तो ये मानव उसे फिर से पैक क्यों करेंगे? गन्दगी से कमाने वाले, गन्दगी में जीने वाले सफाई की तरफ इतने जागरुक क्यों होंगे? जबकि साफ सफाई में जीने वाले हम अपने घर के सिवाय हर जगह कचरा फैलाते हैं।

क्या यह बहुत कठिन है कि वह सब कचरा जो कचरा बीनने वाले बीनते हैं यानि कि जो रीसायकलेबल है और जो हमारे घरों से ही निकलता है उसे हम अलग इकट्ठा करें? ऐसे कि वे यह पूरा का पूरा रीसायकलेबल कचरा अपने बोरे में डालें और ले जाएँ। ऐसे कि उनके हाथ हमारी गन्दगी को छुएँ ही नहीं। सूखे रीसायकलेबल कचरे जैसे कि काँच, पेपर, गत्ता, कपड़ा, प्लास्टिक, पॉलीथीन, धातु, यह सब हमारे घर की सब्जियों के छिलकों, डायपर्स, बाल, बचे खाने आदि के सम्पर्क में आए बिना, साफ सुथरे अलग से ही सूखे कचरे के डब्बे में इकट्ठा हो साफ, सूखे ही उनके बोरों में चले जाएँ। ताकि कचरा इकट्ठा करने वाले का भी थोड़ा सा मान सम्मान बना रहे, हमारी सड़कें, कचरापेटी के आसपास की जगह भी साफ रहे और सबसे बड़ी बात यदि हममें जरा सी भी मानवता हो, अच्छाई हो, भावनाएँ हों तो नित कचरे के साथ वे भी पॉलीथीन की काली थैलियों में लपेट चुपके से बाहर न फेंकनी पड़ें।

जानती हूँ कि कई शहरों में सूखे व गीले कचरे को अलग फेंकने के नियम कानून हैं। मैं कोई नई बात नहीं बता रही। किन्तु नियम कानून तो बच्चों को न मारने, बच्चों स्त्रियों के साथ बलात्कार न करने, हत्या न करने के भी हैं। किन्तु कुछ लोग तो इन नियमों कानूनों को तोड़ते ही हैं। किन्तु क्या मैं और आप भी? नहीं न? तो फिर कचरे के मामले में और कचरा बीनने वालों के मामले में हृदयहीन क्यों बनें? न न, बात उनके भले की ही नहीं है हमारी भी है। हमारी सड़कों की सफाई की और.....

ये कचरा बीनने वाले व अन्य ऐसे ही काम में लगे लोग जैक इन द बॉक्स भी हो सकते हैं। दबते दबते किसी दिन उछलकर तुम्हारे हमारे ही माथे से टकराएँगे और वे तो क्या और टूटेगें, तुम्हारे हमारे माथे ही घायल होंगे। सो आत्महित में ही सही, कुछ करना चाहिए।

घुघूती बासूती