Showing posts with label पर्यावरण. Show all posts
Showing posts with label पर्यावरण. Show all posts

Friday, June 13, 2014

सागर किनारे



कल लहरों से पास से मिलना नहीं हुआ तो आज सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक की चिलचिलाती धूप में ही मिल आई।
घर में पेस्ट कन्ट्रोल वाला आकर छिड़काव करके गया था। घर के ठीक सामने सड़क पार एक बहुत सुन्दर पार्क है किन्तु उस समय वह बन्द रहता है। सो सड़क पार करके पाँच मिनट चलकर वर्ली सी फेस के सामने ख़ान अब्दुल गफ़ार ख़ान रोड पर पहुँच गई। सी फेस पर धूप थी, सो सड़क के इस पार ही एक और पार्क है उसके सामने प्याऊ है, टाइल्स लगीं हैं, ऊँचा प्लैटफॉर्म है, उस पर अपना झोला बिछा, बैठकर, लहरों का कभी धरती से मिलने तो कभी आकाश से मिलने का उतावलापन देखती रही। समुद्र का कुछ हिस्सा तो सारे बन्धन तोड़ उड़ उड़ कर सड़क पर ही आ रहा था। बान्द्रा वर्ली सी लिंक को छूने को मचलता और छूकर लौट जाता और फिर आकर उसे छू जाता।
कल पूर्णिमा थी। सो आज भी सागर का पागलपन अपने उफान पर था। वर्ली, दादर और मरीन ड्राइव पर वह जगह जगह अपनी सीमा तोड़ शहर की सड़कों पर घुस आया था। दो घंटा सड़क के इस पार बैठ जब यहाँ भी धूप आ गई तो समुद्र के पास ही चली गई। उसे देख समझ आया कि वह धरती से मिलने को उतावला नहीं हो रहा। वह तो हमारा फेंका कचरा हमें लौटाने आ रहा था। शहर के भीतर सड़कों पर घुस उन दुस्साहसियों को ढूँढ रहा था जिसने उसके जल को कचरे भरे दुर्गन्धित सूप में परिवर्तित कर दिया था।
मुझे सागर के लिए बहुत बुरा लगा। यदि नदी माँ हो सकती है तो सागर पिता क्यों नहीं? आखिर वह ही तो हमें और हमारी नदियों को जल, पहाड़ों को हिम देता है। वह तो शायद माँ और पिता दोनों ही है। किनारे आते पानी में हजारों रंग बिरंगे पॉलीथीन व कचरे के टुकड़े वैसे ही तैर रहे थे जैसे किसी बढ़िया सूप में रंग बिरंगी सब्जियों, चीज़ व क्रुटोन्स के टुकड़े। बस सुगन्ध की जगह वह दुर्गन्ध बिखेर रहा था। सही था, हम सूप में लहसुन डालेंगे तो वह उस सा महकेगा, माँस, मछली या मुर्गा तो उन सा। यदि उसमें सुगन्धित दालचीनी, लवंग और इलायची डालेंगे तो उन जैसा महकेगा।
काफी देर मैं अपने मोबाइल से ही फोटो खींचती रही। तेज धूप के चलते स्क्रीन केवल काला नजर आ रहा था। क्या खींचा पता नहीं। मैं बचने की कोशिश करती रही पर बीच बीच में वह मुझपर भी जलकण बरसाता रहा। खुशी की जगह बस यही खयाल आता रहा घर जाकर दोबारा स्नान करना होगा। किन्तु बेचारा समुद्र! वह कैसे हमसे व हमारी गंदगी से बच सकता है! इतना जल होने पर भी दोबारा स्नान कर स्वच्छ नहीं हो सकता। अपने व अपने समाज, मनुष्यों पर गुस्सा भी आता रहा। तीन नाले तो हम सबका मलमूत्र लेकर सीफेस पर ही खुलते हैं। यह तो समृद्ध, एम एल ए, एम पी, पूर्व मुख्यमंत्री के निवास वाले क्षेत्र का हाल है। साफ सुथरा चमचमाता सीफेस! किन्तु सारा कचरा समुद्र के हिस्से आता है।

कई बार जब ताजा हवा में घूमते हुए भी मुझे इन नालों के मिलन वाली जगहों पर नाक पर रुमाल रखना पड़ता है तो अपने आप व अपनी मनुष्य जाति पर खीझ उठती है। सोचती हूँ प्रकृति इतनी सहिष्णु न होकर यदि पहली गलती पर ही दो थप्पड़ जमा देती तो हम इतना ना बिगड़ते। चाहने से दस राह निकल आती हैं। हम भी समुद्र को कचरा समर्पित करने की बजाए कोई और राह ढूँढ ही लेते। अभी भी बहुत देर नहीं हुई है आओ सागर दो चार थप्पड़ हमारे गाल पर जमा जाओ। फिर भी न मानें तो दो लात जमा जाओ। इसके बिन तुम्हारा और हमारा उद्धार नहीं।
घुघूती बासूती

आज की तो नहीं लगभग तीन साल पहले की कुछ वर्ली सीफेस की फोटो यहाँ लगाईं हैं।
घुघूती बासूती

Friday, June 05, 2009

सौराष्ट्र के किसान पक्षियों के लिए ज्वार बोते हैं, फलों के वृक्षों पर फल छोड़ते हैं !

आज के स्वार्थी जमाने में यह बात चौंकाने वाली लगती है परन्तु यह है सच। १ जून के टाइम्स औफ इन्डिया में सौराष्ट्र के किसान पक्षियों के लिए ज्वार बोते हैं का समाचार तो है ही परन्तु फल वाली बात तो मेरी देखी हुई है।


सौराष्ट्र के किसानों ने यह महसूस किया कि जबसे उन्होंने कपास, मूँगफली व गन्ने जैसी फसलें लगानी शुरू की हैं पक्षियों की संख्या घटती जा रही है। सो जोडिया तालुके के किसानों ने एक नया समाधान ढूँढ निकाला है। ये हर खेत में ज्वार या बाजरे की दो पंक्तियाँ केवल पक्षियों के लिए लगाते हैं। इसे ये भगवान नो भाग (भगवान का भाग) कहते हैं। राजू बाला और उसके जैसे बहुत से किसानों ने यह करना शुरू किया है।


यह शुरुआत पक्षियों व पर्यावरण के लिए वरदान सिद्ध होगी। फोरेस्टर वी डी बाला का कहना है कि उनका 'नवरंग नेचर क्लब' गाँव गाँव में 'राम जी की चिड़िया, राम जी का खेत' का संदेश दे रहा है। उन्हें आशा है कि इस मानसून में १०,००० किसान ऐसा करेंगे।


समाचार सच होगा इसका अनुमान आप मेरे सौराष्ट्र प्रवास के अनुभवों से लगा सकते हैं। लगभग साढ़े नौ वर्ष पहले जब मैं पोरबन्दर के पास रहने आई तो पहले ही दिन कामवाली से कहा कि ओटे पर बहुत चींटियाँ हैं जरा गीले कपड़े से पोछ दो। तो वह बोली यह तो जीव हत्या होगी। पंखा चला दो चींटियाँ चली जाएँगी।


कुछ समय बाद जब चीकू पकने लगे तो माली तोड़ तोड़कर देता रहा। फिर बंद कर दिया। मैंने पूछा कि भाई क्या बात है चीकू नहीं तोड़ते। वह बोला कि खत्म हो गए। मैंने दिखाया कि दो पेड़ों पर अभी तो ३०-४० चीकू लगे हुए हैं। वह बोला कि वे तो चिड़ियों के लिए छोड़े हैं वे थोड़े ही तोड़ेंगे। ‍‍मैं अपने स्वार्थीपन पर लज्जित थी और उसके बड़प्पन पर खुश। ध्यान रहे, चीकू मुझे जरा भी पसन्द नहीं और घुघूत जी को मधुमेह के कारण मना हैं, सो लगभग सभी माली, कामवाली, ड्राइवर आदि को ही बाँटे जाते थे।


एक और बात जो मैंने यहाँ देखी वह यह कि सब्जी मंडी आदि में गाय, बकरी आदि घूमते हैं, उन्हें सब्जियों पर मुँह मारने से रोकते तो हैं परन्तु कभी पीटते नहीं। कई बार मेरे सामने ही गाय पूरी की पूरी यहाँ बहुत मंहगी मिलने वाली फूल गोभी लेकर चलती बनी परन्तु डंडा उसे कभी नहीं पड़ा।


बहुत से घरों के सामने सीमेन्ट की छोटी छोटी हौदियाँ सी बनी होती हैं। गृहणियाँ उनमें गाय के लिए खाना डालती हैं।


मुझे गाय भैंस का सड़क पर घूमना तो पसन्द नहीं परन्तु ये सब बातें यहाँ के लोगों का पशु पक्षी प्रेम अवश्य दिखाती हैं। शायद तभी भारत भर में गिर का जंगल ही एक सुरक्षित जंगल है जहाँ सिंहों की संख्या बढ़ रही है घट नहीं रही। जबकि सिंह प्रायः मालधारियों व गाँव वालों के पशु खा जाते हैं। सरकार मुआवजा तो देती है परन्तु कभी कोई उनका शिकार नहीं करता। जितने भी शिकार हुए वह मध्यप्रदेश के कटनी से आए शिकारियों ने ही किए और वे पकड़े भी गए।


शायद यही कारण है कि मैं अपनी बस्ती तक में मोरों को नाचते और नील गायों व कभी कभी हिरणों को भी घूमते देख सकती हूँ। एक बार तो लगभग बीस फुट की दूरी पर बाघ को भी बस्ती में देखा। मैंने यहाँ व पहले जहाँ पोरबन्दर के पास रहती थी वहाँ आज तक साँप निकलने पर उसे मारते हुए नहीं देखा। सच तो यह है कि हमें बताया गया है कि कम्पनी के मालिक लोगों ने साँप मारने को मना कर रखा है।


तो कुछ तो विशेष है सौराष्ट्र के लोगों में!


घुघूती बासूती

Sunday, March 29, 2009

गाय के नाम पर ही सही

गाय के नाम पर ही सही

न जाने कितने समय से हमें बताया जा रहा है कि पॉलीथीन की थैलियाँ हमारे पर्यावरण के लिए बहुत घातक हैं। परन्तु कोई भी अपनी इस जरा सी सुविधा को त्यागने को तैयार नहीं है। हरेक को सामान पॉलीथीन में ही चाहिए। अब तो हाल यह है कि आप न चाहें तो भी दाल, चावल, गेहूँ, हर वस्तु पहले से ही पॉलीथीन में पैक होकर आती है। फिर जब आप खरीददारी कर चुकें तो इस सब सामान को रखने को एक और बड़ा सा पॉलीथीन मिलता है। सब्जी वाले अलग पतली कमजोर पॉलीथीन की थैलियों में सब्जी देने को तैयार रहते हैं। मुझ जैसे लोग को अपने कपड़े के थैले आगे करते हैं उन्हें वे आश्चर्य से देखते हैं।

मुझे सुपर मार्केट्स, मॉल आदि से भी कोई समस्या नहीं है। समस्या है तो उनकी हर सामान के लिए दिए जाने वाली बड़ी बड़ी पॉलीथीन की थैलियों से ! यहाँ जाओ तो आराम से सब्जी आदि खरीदी जा सकती है। सब्जी तुलवाने के लिए डालने के लिए पॉलीथीन की थैलियों का अनन्त गोल गोल लिपटा हुआ थान सा रहता है। एक एक सब्जी के लिए निकाले जाओ, डाले जाओ। फिर जब बिल बन रहा होता है तब इनको बड़े बड़े पॉलीथीन की थैलियों में डाला जाता है। कहीं कहीं तो इन्हें गरम लोहे पर लगाकर इस तरह पैक किया जाता है कि इनका दोबारा उपयोग नहीं कर सकते।

कमी थी तो हर वस्तु पाउच में आती है। शैम्पू से लेकर, सुपारी, गुटखे तक सबकुछ। उपयोग करिए और फैंकिए। कहीं भी फैंकिए। साफ करने के लिए कौन आएगा इसकी चिन्ता मत करिए। कुछ कुछ गीता के ज्ञान के अंदाज में। हे भारतीय, तू तो बस अपना गुटखा खा और पाउच सड़क पर फैंक, सफाई की तू चिन्ता मत कर (कैंसर की भी नहीं)। खैर, कैंसर की पीड़ा तो आपका निजी मामला है किन्तु यह सड़क, यह धरती, यह तो सार्वजनिक है। इसपर तो रहम कीजिए। पाउच गरीबों के लिए शायद वरदान साबित हुए हैं। मुझे याद है कर्नाटक में यदि शनिवार को स्कूल छूटते समय दुकान पर पहुँच जाओ तो छात्र छात्राओं की भीड़ शैम्पू के पाउच खरीदने को लग जाती थी। सौ रुपए के लगभग की शैम्पू की बोतल न खरीद पाने वाले एक रुपए का पाउच तो खरीद ही सकते थे। परन्तु दुख तब होता है जब हम बड़ी बोतल खरीद सकते हैं और फिर भी पाउच खरीदते हैं। काश, ये शैम्पू भी होम्योपैथिक दवाओं की शीशियों जैसी शीशियों में मिलते। काँच का कम से कम पुनः उपयोग तो हो सकता है।

हमारे माता पिता भी तो कपड़े के थैलों में समान लाते थे। क्या अपने साथ थैली ले जाना इतना कठिन हो गया है? हम अपनी कार, स्कूटर आदि में कपड़े के थैले या पहले के घर में पड़े पॉलीथीन के थैले रख सकते हैं ताकि जब भी कुछ खरीदना हो इनका उपयोग कर सकें।

सारे शहर, गाँव पॉलीथीन की थैलियों से अटे पड़े हैं। सड़कें, नालियाँ, कूड़े के ढेर सब इनसे भरे हुए हैं। नालियों में पानी आगे नहीं सरकता। मुझे याद है कि जब एक नदी में बाढ़ आई थी तो उसके बाद आस पास की सारी झाड़ियाँ, पेड़ वनस्पति इनसे सुशोभित थे। पहले जहाँ जंगली पौधों पर फूल दिखते थे अब वहाँ पॉलीथीन की थैलियाँ दिखती हैं। बरसात का पानी नालियों, नालों से निकल नहीं पाता। पहले तो केवल भूमि के कटाव व बहाव से नदियाँ कम गहरी होती जा रही थीं अब ये पॉलीथीन की थैलियाँ और आ गईं हैं।

लाख कानून बना लें, इनकी खपत दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। राजकोट में कुछ समय पहले भी कपड़े की थैलियों का अभियान चलाया गया था। २४ दिसम्बर के टाइम्स औफ इंडिया में खबर आई थी कि पॉलीथीन के उपयोग पर रोक लगाने व कपड़े की थैलियों का प्रचार करने के लिए राजकोट नगर निगम कम दामों में सब्जी बेचने वालों व दुकानदारों को कपड़े की थैलियाँ मुहैया कराएगी। 'एश्वर्य महिला उद्योग सहकारी मंडल' पुराने व फालतू बचे कपड़ों की धुलाई कर इनसे पाँच किलो समान लायक कपड़े के थैले एक रुपए में उपलब्ध करा रहा है। परन्तु यह कितना सफल हुआ कह नहीं सकती।

हमारे देश में कुछ भला करना हो तो लोगों को विज्ञान या लोक कल्याण या पर्यावरण की दुहाई देना बेकार है। यदि किसी उद्देश्य को पाना हो तो बात को थोड़ा सा धार्मिक रंग दे दो और देखो बात बनने की सम्भावना बढ़ जाती है। अब लगता है कुछ बात बनेगी। सबको पता तो था किन्तु अब और बताया जा रहा है कि कचरे के साथ हमारी गौ माताएँ पॉलीथीन भी खा लेती हैं। इससे वे कितना पौष्टिक दूध दे पाती हैं यह तो पता नहीं किन्तु जब उनके पेट में इसकी मात्रा बढ़ती जाती है तो उन्हें कष्ट होता है। अब सैकड़ों लोगों के सामने पशु चिकित्सक ऐसी गायों का औपरेशन करके ये पॉलीथीन की थैलियाँ निकाल रहे हैं। हाल में ही एक गाय के पेट में से ३५ किलो तो दूसरी के पेट से ८० किलो पॉलीथीन व प्लास्टिक निकाला गया।(क्या यह सम्भव है?) 'श्री खिरक गौसेवा चैरिटेबल ट्र्स्ट' अब लोगों में जन जागरण फैलाएगा कि पॉलीथीन व प्लास्टिक हमारे पर्यावरण व हमारी गायों के लिए कितना हानिकारक है। अब यदि गाय के प्रति श्रद्धा के कारण ही लोग पॉलीथीन का उपयोग कम कर दें तो यह धर्म व धार्मिक भावनाओं का एक सकारात्मक उपयोग होगा। पोरबंदर व वैरावल के मछुआरे नाविक मुरारी बापू के आग्रह पर शार्क‍- व्हैल की रक्षा करने का वचन ले चुके हैं व जब ये मछलियाँ इनके जाल में फंसती हैं तो वे उन्हें स्वतन्त्र करने को अपने पचास हजार रुपए के जाल भी काट देते हैं। उन्होंने मछुआरों को बताया कि जैसे आपकी बेटियाँ गर्भावस्था में अपने मायके आती हैं वैसे ही ये मछलियाँ भी प्रजनन के लिए आपके तट पर आती हैं। उनकी बात मानने से शार्क‍- व्हैल की लुप्त होती जाति की रक्षा हो रही है। यदि 'श्री खिरक गौसेवा चैरिटेबल ट्र्स्ट'के धार्मिक प्रचार से हमारी गायों के साथ साथ हमारी धरती की भी रक्षा हो जाए तो मैं उनकी आभारी रहूँगी।

घुघूती बासूती