Showing posts with label चरित्र. Show all posts
Showing posts with label चरित्र. Show all posts

Monday, April 11, 2011

जापानी चरित्र

भूकम्प व सुनामी के बाद जापान में रेडिएशन का खतरा बना रहने पर भी जापानी नागरिक अपने चरित्र का परिचय देता रहता है। सामान्य समय में तो कोई भी व्यक्ति आदर्श व्यवहार कर सकता है, अपना धैर्य बनाए रख सकता है किन्तु जो विपदा के समय अपना आपा न खोए वही व्यक्ति व उसका चरित्र सराहनीय है।
जापान के बहुत से नागरिकों का सबकुछ चाहे खो गया हो किन्तु उसका चरित्र नहीं खोया। लुटा पिटा होने पर भी जब वह मलबे में हजारों लाखों येन या बहुमूल्य वस्तुएँ पाता है तो उन्हें हड़पने की बजाए पुलिस के पास जमा करा देता है। उसके पास तो इसे अपनी जेब के हवाले करने के कितने ही तर्क हो सकते हैं। जैसे......
१. इस धन के मालिक को ढूँढ निकालना कठिन है।
२. मेरा भी तो धन खो गया है।
३. उसके बदले मैं दूसरे का रख लेता हूँ।
४. जिसे मेरा धन मिलेगा वह मुझे लौटाएगा थोड़े ही। लौटाना चाहे भी तो भी उसे कैसे पता चलेगा कि वह मेरा है?
५. अभी मुझे इसकी बहुत आवश्यकता है।
६. जब यह कठिन समय निकल जाएगा तो मैं यह वापिस करने की कोशिश करूँगा।
७. जब यह कठिन समय निकल जाएगा तो मैं यह मैं किसी धार्मिक स्थल में दान कर दूँगा।
८. भगवान ने मेरी सहायता के लिए ही मुझे चुना। अन्यथा यह किसी और को मिलता।
९. आई लक्ष्मी को कौन मूर्ख ठुकराता है। यह तो लक्ष्मी का अपमान है।
१०. मैं यह धन पुलिस के पास जमा कराऊँगा तो कौन सी गारन्टी है कि वह मालिक को लौटाएगी। क्या पता अपनी जेब के हवाले ही कर ले? उससे तो अच्छा है कि मैं ही अपने पास रखूँ।
वैसे जापान के कानून के अनुसार यदि धन पाने वाला चाहे तो पुलिस के पास जमा कराने के तीन महीने बाद यदि मालिक लेने ना आए तो वे पाया हुआ धन स्वयं ले सकते हैं। किन्तु इस समय लगभग सभी पाने वाले लोगों का कहना है कि यह धन पुनर्निर्माण के कामों में लगाया जाना चाहिए।
बचपन से हम जापानी ईमानदारी के बारे में सुनते आए हैं। वह एक ऐसा देश है जहाँ यदि आप अपना बटुआ भी दुकान पर छोड़ आएँ तो अधिकतर वापिस मिल जाएगा। जापानियों ने कठिनाई के इस समय में भी अपने धैर्य, ईमानदारी, कर्त्तव्यपराणयता से सारे संसार का सम्मान पाया है। वे ऐसे समय भी छाती पीटते, चीखते चिल्लाते नहीं दिखते। घरों व दुकानों का सामान लूटते नहीं दिखते। वे दुखी हैं, पीड़ित हैं, किन्तु कतार में राशन पानी के लिए खड़े रहते हैं, सहायता के लिए छीना झपटी नहीं करते। केवल अपने बारे में न सोचकर अपने समाज के बारे में सोचते हैं।
जापानी चरित्र की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम होगी। काश इनमें से कुछ खूबियाँ हममें भी होतीं। वैसे सोचने की बात है कि वे क्या कारण होंगे जो एक ही परिस्थिति में अलग अलग समाज के व्यक्तियों द्वारा अलग अलग व्यवहार करवाते हैं? इसी स्थिति में एक समाज लूटपाट, छीना झपटी, छातीकूट व दयनीय व्यवहार करता है तो एक ऐसा अनुकरणीय कि सब आश्चर्यचकित रह जाते हैं।

घुघूती बासूती

सम्बन्धित लेखः जापानी भूकम्प व सुनामी से उपजे प्रश्न