Showing posts with label फ़िल्म. Show all posts
Showing posts with label फ़िल्म. Show all posts

Friday, December 18, 2009

सरपत, तलवार से तेज़ घास..........घुघूती बासूती

मुम्बई आए हुए महीने बीत गए थे। बस केवल अनीता जी से मिलना हुआ था। मुम्बई आने से पहले ही अभय तिवारी व प्रमोद सिंह से बात हुई थी। सोचा था कि यहाँ आने पर मिलना भी हो जाएगा। किन्तु कभी वे लोग व्यस्त तो कभी मैं व्यस्त रही। आखिर उनके आने का कार्यक्रम ५ दिसम्बर को बन ही गया। मैंने अभय से अनुरोध किया था कि वे अपनी फिल्म सरपत का डी वी डी भी अवश्य लेकर आएँ। किन्तु वे लाना भूल गए। खैर मुलाकात हुई। मिलकर बैठे। गप्प की। अभय ने कहा कि वे सरपत का डी वी डी भेज देंगे।

परसों अचानक नीचे से चौकीदार का फोन आया कि कुरियर वाला आया है। सोचा कोई पत्र ही होगा। किन्तु जब उसने अभय का भेजा हुआ पैकेट दिया तो मुझे बहुत सुखद आश्चर्य हुआ। शाम को घुघूत के साथ मिलकर फिल्म देखी। फिल्म देखकर मन खुश हो गया। मुझे बेकार में लम्बी खींची फिल्में सहन ही नहीं होती। न ही मुझे मार धाड़ सह्य है।

फिल्मों का मेरा ज्ञान यदि एक छोटी चम्मच में रखें तो भी जगह बची रह जाएगी। फिर भी मैं कह सकती हूँ कि फिल्म बहुत अच्छी लगी। किसी फिल्म, कहानी या पुस्तक को तभी अच्छा कह सकते हैं जब वह हमें बाँधे रहे। यह फिल्म शुरू से अन्त तक कसकर पकड़े रही। पॉपकॉर्न्स या किसी पेय ग्रहण करने की इच्छा की भी कोई गुँजाइश नहीं थी। जैसा कि मैंने अभय को पत्र लिखकर धन्यवाद कहते हुए कहा, इस फिल्म में वह सब नहीं है जिसके कारण मैं फिल्में नहीं देखती और वह सब है जो मैं किसी फिल्म से चाहती हूँ। कहानी है जो बाँधे रहती है, चिल्लाना या लाउड एक्टिंग नहीं है, सुन्दर स्वाभाविक दृष्य हैं। सबकुछ स्वाभाविक सा है किन्तु अब क्या होगा की तर्ज पर रोचकता बनाए रखती है। एक नाटकीय तरीके से फिल्म का अनेपक्षित अंत होता है। और अचानक फिल्म खत्म हो गई का भान होता है। उस गॉगल्स लगाए छोटे लड़के की छवि देर तक साथ रहती है।

फिल्म में प्रमोद का भी कलात्मक योगदान है। कला की पारखी न होते हुए भी कहूँगी कि सारे दृष्य सुहाने लगे।
एक अच्छी फिल्म बनाने व दिखलाने के लिए धन्यवाद अभय।

घुघूती बासूती