यदि डॉ तलवार वास्तव में निर्दोष हैं तो क्या हममें से बहुत सारों का सिर शर्म से झुक नहीं जाना चाहिए? हममें से बहुत सारों ने बिना किसी सबूत के एक पिता, एक ऐसा पिता जो यदि निर्दोष है तो पुत्री की हत्या का असह्य कष्ट भोग रहा था, को दोषी घोषित कर दिया। न्यायालय, पुलिस या सी बी आइ के पास शंका का कारण हो सकता था, परन्तु हम कैसे न्यायाधीश बन गए ? किसने हमें यह अधिकार दे दिया ? एक मृत बच्ची, वह भी ऐसी बच्ची जिसकी हत्या हुई, का हमने चरित्र हनन किया। एक माँ जिसकी बेटी की हत्या हो गई, वह अपनी बच्ची की मृत्यु पर पति के साथ रो भी नहीं सकी। डॉ तलवार यदि निर्दोष हैं, तो उन्हें अपनी बच्ची की मृत्यु पर क्या कभी रोने का अवसर मिलेगा? क्या अपनी पत्नी व प्रियजनों के साथ अपना दुख बाँटना भी उनके भाग्य में न था ? माना कानून भावुक होकर यह सब नहीं सोच सकता परन्तु हमारी संवेदना कहाँ गई थी ? क्या सारी संवेदना उनपर लांछन लगाने में चूक गई थी ? हमें कम से कम उन्हें संदेह का लाभ देना चाहिए था या जब तक कुछ साबित नहीं होता तब तक के लिए तो रुक जाना चाहिए था। हो सकता है कि कल जब मामला आगे बढ़ेगा तो कुछ नए तथ्य सामने आएँगे। हम यह भी नहीं कह सकते कि वे निरपराध माने जाएँगे। परन्तु तब तक तो हमें उस दुखी पिता पर लाँछन लगाने से रुकना चाहिए था। उनका, एक अन्य स्त्री व बच्ची का चरित्र हनन करने से बचना चाहिए था। यदि सब साबित हो जाता तो मजे से चटखारे लेकर यह सब कह सकते थे। क्या कुछ समय रुकने में हमारे आनन्द में इतनी बाधा पड़ती ? क्या इस चरित्र हनन की भूख इतनी तेज थी कि कुछ समय बाद मिटने तक हम रुक ना सके ?
हम, हमारा मीडिया, एक बहुत बड़ी गल्ती पहले ही कर चुके थे। सबसे पहले जब हत्या की खबर आई तो एक ऐसे व्यक्ति, हेमराज को हत्यारा माना गया जिसकी स्वयं हत्या हो चुकी थी। इस पर भी हमें अपने हड़बड़ी में निकाले गए निष्कर्ष पर लज्जा नहीं आई, लज्जा छोड़िए, हमने सीख तक नहीं ली, अपितु अब हम पिता, बेटी, पारिवारिक मित्रों के चरित्र पर उँगली उठाने लगे। क्या हम इतने असंवेदनशील हो गए हैं कि दो परिवारों के दुख पर हमदर्दी छोड़िए हम उनके लिए ऐसी स्थितियाँ पैदा करते हैं कि उनका समाज से विश्वास ही उठ जाए ? हेमराज के परिवार की सोचिए। उसका चेहरा टी वी पर हत्यारे के रूप में दिखाया जा रहा था। उसके परिवार वालों पर क्या बीती होगी इन खबरों को देखकर और फिर अगले दिन यह सुनकर कि वह तो मर चुका था ?
हमारी उँगली तैयार बैठी थी कि कब अवसर मिले और किसी की जीवन शैली, जीवन मूल्यों, धन दौलत, स्त्री पुरुष की मित्रता या दो परिवारों की ऐसी मित्रता जिसमें स्त्री पुरुष परस्पर बात करते हैं, फोन करते हैं, पर वह उठ जाए। क्या पल भर को भी हम अपने आप को उनके स्थान पर रखकर नहीं सोच सकते थे ? यह बच्ची मेरी आपकी किसी की भी हो सकती थी। यह घटना किसी भी घर में घट सकती थी। हमें माता पिता का सोते रहना, कोई आवाज न सुनना हास्यास्पद लगा। यह सच है कि अलग अलग कमरों में ऐ सी चलाकर दरवाजा बंदकर सोने तो क्या बैठने वालों को भी दूसरे कमरे से आवाज नहीं सुनाई देती है। दरवाजे की घंटी सुनाई नहीं देती है। क्या ऐ सी का होना, अलग अलग कमरों में सोना, ऐसा जघन्य अपराध है ? जिनके घरों में नौकर रहते हैं उन्हें दरवाजे की घंटी पर ध्यान देने की आदत नहीं होती। यह गलत तो हो सकता है, विलासिता भी हो सकता है, समाजवाद के विरुद्ध हो सकता है परन्तु अक्षम्य अपराध तो कदापि नहीं हो सकता।
दोनों माता पिता नौकरी करते थे, सो हमारी कल्पना की लम्बी उड़ान ने बच्ची को माता पिता से प्यार न मिलना , नौकर से प्यार चाहना व पाना, न जाने क्या क्या सोच लिया। हमने बच्ची व उसके माता पिता का पूरा मनोविग्यान तक जान लिया। आश्चर्य, कि हम जो स्वयं को नहीं जान पाएँ हैं, एक अनजान परिवार के मन को जान गए।
अमेरिका में एक संस्था बड़े अपराधों के सजा पाए लोगों के केस फिर से खुलवा रही है। सौ से अधिक सजा पाए अभियुक्तों को उन्होंने निर्दोष साबित कर दिया है। उनमें एक युवती भी है जिसने अपने शिशु की हत्या के अपराध में दस से अधिक वर्ष की जेल काटी। अन्त में पाया गया कि वह निर्दोष थी। एक ऐसा पुरुष भी है जिसने जीवन के दसियों वर्ष सलाखों के पीछे बलात्कार के तथाकथित अपराध के सिद्ध हो जाने के कारण जिये। दोबारा केस खोलने पर उसे निर्दोष पाया गया। उसे रिहा कर दिया गया है। परन्तु क्या निर्दोष लोगों को सजा मिलने पर उनकी पीड़ा का हम अनुमान लगा सकते हैं ? ये गलतियाँ न्यायालयों में हुईं। यह न्याय का पेशा ही ऐसा है कि गलत सजा की कुछ गुँजाइश सदा रहती है। इस कारण से ही वे इस पेशे से मुँह भी नहीं मोड़ सकते। परन्तु हम आम लोग ! हमें क्या हो गया है ? क्यों हम लोगों को दोषी सिद्ध करने में जुटे हैं ? मीडिया का पेशा भी है खबरें पहुँचाने का। यदि वह यह नहीं करेंगे तो समाज के दोषी हैं। परन्तु यदि वे केवल समाचार दें और लोगों पर मीडिया न्याय न थोपते तो बेहतर होता। यह हो गया, इन पर शंका की जा रही है, भी खबर हो सकता है।
यदि हम केवल इतना ध्यान रखते कि डॉक्टर तलवार पर कुछ भी कहने से पहले 'यदि' लगा देते ( 'यदि' उन्होंने ऐसा किया तो वे निकृष्ट प्राणी हैं। 'यदि' उन्होंने यह अपराध किया है तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, समाज की भर्त्सना मिलनी चाहिए। या फिर कि 'शायद' ऐसा हुआ हो। 'शायद' माता पिता के व्यस्त रहने से ऐसा हुआ हो या वैसा हुआ हो। ) तो आज हमें अपराध बोध न होता।
घुघूती बासूती