सोमवार, जुलाई 02, 2012

वर्षा तुम जल्दी आना

यह कविता जून 12, 2007 को पोस्ट की थी। इस वर्ष वर्षा के मिजाज कुछ अधिक ही बिगड़े हुए हैं। सो बारम्बार उससे बरसने की प्रार्थना करते हुए ......

वर्षा तुम जल्दी आना
फिर से काले बादल छाए हैं
जल गगरी भर भर लाए हैं,
बादल गरजे,बिजली चमके
अम्बर दमके,धरती महके ।

प्यासी धरती, प्यासी नदिया
सूखे तरू, सूखी बगिया,
सब तेरी राह ही तकते हैं
सब जल बिन आज सिसकते हैं ।

आओ वर्षा अब तुम आओ
इस सृष्टि को तुम नहलाओ,
रंग भरो तुम फिर से जग में
उमंग जगाओ रग रग में ।

आओ जब तुम तो मैं नाचूँगी
तेरे जल में बच्ची बन मैं खेलूँगी,
छत पर इक ऐसा कोना है
वहीं पर तूने मुझे भिगोना है ।

देख नहीं कोई पाएगा
जान कोई नहीं पाएगा,
तुम और मैं फिर से खेलेंगे
तेरे संगीत पर पैर फिर थिरकेंगे ।

अबकी बार ना मैं रोऊँगी
बच्चों की याद में ना खोऊँगी,
पकड़ूँगी मैं तेरे जल के चमचम मोती
ना बोलूँगी काश जो साथ में बेटी होती ।

अकेले रास रचाऊँगी मैं
तेरे जल में खो जाऊँगी मैं,
देख तेरी और मेरी क्रीड़ा
भाग जाएगी मन की हर पीड़ा ।

अबकी ना नयनों नीर बहाऊँगी मैं
बस तेरे स्वागत में लग जाऊँगी मैं,
ना जाऊँगी यादों के गलियारों में
ना भटकूँगी फिर उन राहों में ।

बच्चों को इक पाती लिख दूँगी
तुम भी नाचो वर्षा में ये कह दूँगी,
वर्षा तुम जल्दी से आ जाना
मेरे तन मन को भिगा जाना ।

घुघूती बासूती

15 टिप्‍पणियां:

  1. इतनी प्यारी प्रार्थना सुनने के बाद बदरा बरसे बिना रहेंगे क्या?????
    झमाझम बरसेंगे.....

    अनु

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  2. सुन लिया उसने ,बस समझिये आ गई!
    सूखे कपड़े ,तौलिया सब निकाल कर रख लीजिये .
    बाद में एक कप चाय ,हो सके तो इधर भी .....

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  3. बड़ी प्यारी कविता है...इतने मन से बुलाया तो कैसे ना आतीं वर्षा रानी...
    झमाझम बरस रही हैं...अब तो :)

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  4. बहुत सुन्दर घुघूती जी। वर्षा का इंतज़ार पिट्सबर्ग में भी हो रहा है। न होता तो भी आपके इस सुर में सुर मिलाने का प्रयास करते ही!

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  5. अब तो वर्षा रानी को आना ही पड़ेगा !!

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  6. असाढ़ जाने को है अब तो सावन से उम्मीद है।

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  7. कल हमारे यहां तो आ गयी। आपकी कविता से मुम्‍बई में भी आएगी।

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  8. वर्षा की फुहारों में समाया नवजीवन का उमंग.

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  9. काश इस सन्देश के साथ बादल उमड़ घुमड़ कर भिगो जाये इस धरा को !

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  10. लगता है यहाँ मेघों को यही कविता गाकर सुनानी पड़ेगी , मानसून पूर्व की बरखा एक दिन कुछ बूँदें बरसा कर चली गई ...देखें सावन में क्या हो ...आओ बरखा , झूमे , भीगें संग तुम्हारे !
    प्यारी- सी कविता !

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  11. मुंबई से जो खबर मिल रही है उसके मुताबिक़ आपका यह गीत -आह्वान काम कर गया है ......

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  12. अब तो बरस ही पड़ेंगे सावन ...
    सुन्दर

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं
  13. सुन्दर सी,प्यारी सी प्रस्तुति.

    आपके आवाहन का ही कमाल है कि
    कल हमारे यहाँ भी खूब रिमझिम रिमझिम
    बरसात हो गयी.

    प्रत्‍युत्तर देंहटाएं